उत्तराखंड स्थापना दिवस पर टिहरी में शहीदों को श्रद्धांजलि, आंदोलनकारियों का हुआ सम्मान

उत्तराखंड स्थापना दिवस पर टिहरी में शहीदों को श्रद्धांजलि, आंदोलनकारियों का हुआ सम्मान
उत्तराखंड राज्य का 26वां स्थापना दिवस जनपद टिहरी गढ़वाल के मुख्यालय सहित जनपद की सभी तहसीलों में हर्षोल्लास एवं धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर मुख्य समारोह नई टिहरी स्थित प्रताप इंटर कॉलेज के प्रांगण में आयोजित किया गया।

टिहरी, 9 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तराखंड राज्य का 26वां स्थापना दिवस जनपद टिहरी गढ़वाल के मुख्यालय सहित जनपद की सभी तहसीलों में हर्षोल्लास एवं धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर मुख्य समारोह नई टिहरी स्थित प्रताप इंटर कॉलेज के प्रांगण में आयोजित किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खंडेलवाल ने की, जबकि स्थानीय विधायक किशोर उपाध्याय मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ राज्य आंदोलन के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर किया गया। इस दौरान अतिथियों ने उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलन में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले जनपद के आंदोलनकारियों को सम्मानित किया।

मुख्य अतिथि विधायक किशोर उपाध्याय ने प्रदेशवासियों और जनपदवासियों को राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उत्तराखंड राज्य का निर्माण अनेक आंदोलनकारियों के संघर्ष, त्याग और बलिदान का परिणाम है। राज्य प्राप्ति के लिए आंदोलनकारियों ने लंबे समय तक संघर्ष किया और अनेक लोगों ने अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। उनके संघर्षों के फलस्वरूप 9 नवंबर 2000 को उत्तराखंड राज्य का गठन हुआ। आज राज्य अपनी स्थापना के 26 वर्ष पूर्ण कर 27वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है। यह अवसर हमें राज्य निर्माण के लिए संघर्ष करने वाले सभी आंदोलनकारियों और शहीदों के योगदान को स्मरण करने के साथ ही उनके सपनों के अनुरूप प्रदेश के विकास का संकल्प लेने की प्रेरणा देता है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड निरंतर विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उत्तराखंड से विशेष लगाव एवं आत्मीयता रही है। प्रधानमंत्री द्वारा समय-समय पर प्रदेश को विकास की विभिन्न योजनाओं एवं परियोजनाओं के माध्यम से सहयोग और मार्गदर्शन प्रदान किया जा रहा है, जिससे राज्य में विकास कार्यों को नई गति मिल रही है।

विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार राज्य आंदोलनकारियों की समस्याओं एवं मांगों के समाधान के लिए गंभीरता से कार्य कर रही है। इसी क्रम में आंदोलनकारियों की समस्याओं के निराकरण के लिए समिति का गठन किया गया है, जो उनकी विभिन्न समस्याओं का परीक्षण कर समाधान की दिशा में कार्य करेगी। उन्होंने कहा कि राज्य निर्माण आंदोलन के प्रणेता एवं उत्तराखंड की जनभावनाओं के प्रतीक स्वर्गीय इंद्रमणि बडोनी के योगदान को सदैव याद रखा जाएगा। उनकी स्मृति के लिए जिला मुख्यालय में उनकी प्रतिमा स्थापित की जाएगी। उन्होंने सभी से राज्य की एकता, संस्कृति, परंपराओं और विकास को आगे बढ़ाने में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने जनपदवासियों को 26वें राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड राज्य अनेक आंदोलनकारियों के संघर्ष और शहादत के बाद अस्तित्व में आया है। राज्य निर्माण के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले शहीदों के सपनों को साकार करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। राज्य स्थापना दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं है, बल्कि यह आत्ममंथन करने का भी दिन है कि हम अपने प्रदेश को विकास, खुशहाली और आत्मनिर्भरता की दिशा में किस प्रकार आगे ले जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड राज्य आंदोलन में टिहरी जनपद का विशेष और ऐतिहासिक योगदान रहा है। राज्य आंदोलन के कई प्रमुख कर्णधार इसी जनपद की धरती से जुड़े रहे हैं। ऐसे में टिहरी जनपद का दायित्व और भी महत्वपूर्ण हो जाता है कि वह राज्य के विकास में अपनी सक्रिय भूमिका निभाए। उन्होंने कहा कि राज्य निर्माण के बाद उत्तराखंड ने विकास के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, पर्यटन, आधारभूत संरचना एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से प्रदेश निरंतर आगे बढ़ रहा है।

जिलाधिकारी ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में उत्तराखंड भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। हमारा प्रयास होना चाहिए कि विकास की इस यात्रा में प्रदेश अग्रणी राज्यों की श्रेणी में शामिल हो। इसके लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ जनहितकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना होगा। उन्होंने कहा कि जनपद के प्रत्येक नागरिक, जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं कर्मचारी को अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करते हुए राज्य के विकास में योगदान देना चाहिए। यही राज्य आंदोलन के शहीदों एवं आंदोलनकारियों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन को दी गई। विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने लोगों को योजनाओं के लाभ, पात्रता एवं आवेदन प्रक्रिया से अवगत कराया। वहीं, जनपद के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर उत्तराखण्ड की लोकसंस्कृति, परंपराओं एवं समृद्ध विरासत की झलक प्रस्तुत की।

इस अवसर पर पोस्टर प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले कार्मिकों को भी सम्मानित कर उनके कार्यों की सराहना की गई।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :  

Tags

Next Story