उत्तरकाशी मौसम के बिगड़े मिजाज पर प्रशासन सतर्क, डीएम ने कंट्रोल रूम से की निगरानी

उत्तरकाशी मौसम के बिगड़े मिजाज पर प्रशासन सतर्क, डीएम ने कंट्रोल रूम से की निगरानी
जनपद में लगातार हो रही बारिश और उच्च हिमालयी क्षेत्रों में जारी बर्फबारी के बीच प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। मौसम की गंभीर स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने रविवार को जिला मुख्यालय स्थित स्मार्ट कंट्रोल रूम पहुंचकर व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया तथा सभी संबंधित विभागों को चौबीसों घंटे सतर्क रहने के निर्देश दिए। उन्होंने सड़क मार्गों को हर हाल में सुचारू बनाए रखने और भूस्खलन अथवा मलबे से बंद होने वाले मार्गों को तत्काल खोलने के निर्देश भी दिए।

उत्तरकाशी, 27 सितंबर (आईएएनएस)। जनपद में लगातार हो रही बारिश और उच्च हिमालयी क्षेत्रों में जारी बर्फबारी के बीच प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। मौसम की गंभीर स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने रविवार को जिला मुख्यालय स्थित स्मार्ट कंट्रोल रूम पहुंचकर व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया तथा सभी संबंधित विभागों को चौबीसों घंटे सतर्क रहने के निर्देश दिए। उन्होंने सड़क मार्गों को हर हाल में सुचारू बनाए रखने और भूस्खलन अथवा मलबे से बंद होने वाले मार्गों को तत्काल खोलने के निर्देश भी दिए।

जिलाधिकारी ने विभिन्न तहसीलों से प्राप्त हो रही वर्षा, भूस्खलन और मार्गों की स्थिति से संबंधित सूचनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी बनाए रखने को कहा। उन्होंने स्मार्ट कंट्रोल रूम से लाइव सीसीटीवी के माध्यम से गंगोत्री और यमुनोत्री धाम की स्थिति का भी अवलोकन किया तथा चारधाम यात्रा से जुड़े सभी प्रबंधों की जानकारी ली।

उच्च हिमालयी क्षेत्रों में ट्रैकिंग और अन्य गतिविधियों के लिए गए ट्रैकर्स की सुरक्षा को लेकर भी जिलाधिकारी ने विशेष निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को ट्रैकर्स के साथ लगातार संपर्क बनाए रखने तथा मौसम की स्थिति के अनुसार उन्हें समय पर सुरक्षित स्थानों पर रुकने अथवा सुरक्षित क्षेत्रों की ओर जाने की जानकारी उपलब्ध कराने को कहा। साथ ही किसी भी आकस्मिक स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू करने के लिए सभी आवश्यक संसाधन तैयार रखने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग, बीआरओ, लोक निर्माण विभाग और पीएमजीएसवाई के अधिकारियों को मशीनरी और मानव संसाधन पूरी तरह तैयार रखने के निर्देश देते हुए कहा कि मार्ग अवरुद्ध होने की स्थिति में तत्काल कार्रवाई कर यातायात बहाल किया जाए। उन्होंने जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र और स्मार्ट कंट्रोल रूम को लगातार सक्रिय रखते हुए सभी तहसीलों से नियमित सूचनाएं प्राप्त करने तथा विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

चारधाम यात्रा को लेकर भी प्रशासन विशेष सतर्कता बरत रहा है। लगातार बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी को देखते हुए फिलहाल यात्रा को अस्थायी रूप से रोका गया है। जिलाधिकारी ने धामों में दर्शन कर चुके तथा वापस लौटने के इच्छुक श्रद्धालुओं की सुरक्षित वापसी के लिए समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही मौसम की स्थिति से संबंधित अद्यतन जानकारी श्रद्धालुओं तक पहुंचाने और आवश्यकतानुसार उन्हें सुरक्षित स्थानों पर ठहराने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।

निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी मुक्ता मिश्र, डीएफओ जीवन मोहन दगाड़े, उपनिदेशक गंगोत्री नेशनल पार्क मयंक गर्ग, एसडीआरएफ के जगदंबा प्रसाद, डीडीएमओ शार्दूल गुस्साई, सेना, एनडीआरएफ तथा अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   27 Sept 2026 8:14 PM IST

Tags

Next Story