उत्तरकाशी जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने 9 पिंक कियोस्क का किया उद्घाटन

उत्तरकाशी जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने 9 पिंक कियोस्क का किया उद्घाटन
चारधाम यात्रा पर आने वाले देश-दुनिया के श्रद्धालुओं के लिए अब यात्रा मार्ग पर स्थानीय उत्पादों की खरीदारी और भी आसान हो गई है। महिला सशक्तिकरण और स्थानीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने की दिशा में प्रशासन ने एक बड़ी पहल करते हुए हीना पार्किंग क्षेत्र में 9 पोर्टेबल पिंक कियोस्क स्थापित किए हैं। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने शनिवार को इन कियोस्क का विधिवत उद्घाटन किया।

उत्तरकाशी, 25 अप्रैल (आईएएनएस)। चारधाम यात्रा पर आने वाले देश-दुनिया के श्रद्धालुओं के लिए अब यात्रा मार्ग पर स्थानीय उत्पादों की खरीदारी और भी आसान हो गई है। महिला सशक्तिकरण और स्थानीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने की दिशा में प्रशासन ने एक बड़ी पहल करते हुए हीना पार्किंग क्षेत्र में 9 पोर्टेबल पिंक कियोस्क स्थापित किए हैं। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने शनिवार को इन कियोस्क का विधिवत उद्घाटन किया।

चारधाम यात्रा के दौरान लाखों श्रद्धालु उत्तरकाशी जनपद से होकर गुजरते हैं। ऐसे में अब यात्रियों को विश्राम स्थलों पर स्थानीय स्वाद, हस्तशिल्प और पहाड़ी उत्पाद एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगे। प्रशासन की इस पहल को यात्रियों और स्थानीय महिलाओं दोनों के लिए लाभकारी माना जा रहा है।

उद्घाटन के दौरान जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने मध्य प्रदेश से आए तीर्थयात्रियों से सीधा संवाद किया और यात्रा व्यवस्थाओं, सुविधाओं तथा उत्पादों की गुणवत्ता को लेकर फीडबैक लिया। यात्रियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि मार्ग पर शुद्ध और स्थानीय उत्पाद उपलब्ध होने से यात्रा अधिक सुविधाजनक बन रही है।

इन पिंक कियोस्क का संचालन स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं द्वारा किया जाएगा। इससे ग्रामीण महिलाओं की आय बढ़ेगी और उन्हें आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में मजबूती मिलेगी। प्रशासन का मानना है कि यह पहल महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के साथ-साथ उन्हें बाजार से सीधा संपर्क भी देगी। स्थानीय उत्पादों की बिक्री के लिए मंच मिलने से पहाड़ की महिलाओं को अब अपने सामान के लिए बड़े बाजारों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।

चारधाम यात्रा मार्ग पर बने इन पिंक कियोस्क में यात्रियों को उत्तराखंड की पारंपरिक खुशबू और स्वाद मिलेगा। यहां मुख्य रूप से पहाड़ी नमक, स्थानीय अचार, बुरांश और माल्टा का जूस, नींबू पानी, पहाड़ी फलों से बने जैम तथा हस्तशिल्प उत्पाद उपलब्ध कराए जाएंगे। इन उत्पादों के माध्यम से यात्रियों को न सिर्फ स्थानीय स्वाद मिलेगा, बल्कि वे पहाड़ की संस्कृति और परंपराओं से भी रूबरू हो सकेंगे।

जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने कहा कि हीना पार्किंग में स्थापित पोर्टेबल कियोस्क यात्रियों को विश्राम के दौरान सुविधाजनक खरीदारी का अवसर देंगे। उन्होंने कहा कि यह पहल महिला सशक्तिकरण के साथ-साथ ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान को भी मजबूती देगी। उन्होंने विश्वास जताया कि यह प्रयास महिलाओं के आर्थिक सुदृढ़ीकरण की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई ऊर्जा देगा।

कार्यक्रम में सीडीओ जयभारत सिंह, रमेशचंद्र आर्य, कपिल उपाध्याय सहित कई अधिकारी, समाजसेवी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   25 April 2026 8:40 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story