आईपीएल 2026 वैभव का तूफानी शतक, एसआरएच के खिलाफ आरआर ने 6 विकेट खोकर बनाए 228 रन

जयपुर, 25 अप्रैल (आईएएनएस)। आईपीएल 2026 के 36वें मुकाबले में शनिवार को राजस्थान रॉयल्स (आरआर) की भिड़ंत सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) के साथ हो रही है। सवाई मानसिंह क्रिकेट स्टेडियम में पहले बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान रॉयल्स ने 20 ओवर में 6 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 228 रन लगाए।
टॉस गंवाने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी राजस्थान रॉयल्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही। यशस्वी जायसवाल बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और सिर्फ 10 रन बनाकर आउट हुए। हालांकि, इसके बाद वैभव सूर्यवंशी और ध्रुव जुरेल ने मोर्चा संभाला। दोनों ने मिलकर दूसरे विकेट के लिए 62 गेंदों में 112 रनों की शानदार साझेदारी निभाई। वैभव कमाल की फॉर्म में नजर आए और उन्होंने सिर्फ 36 गेंदों में अपने आईपीएल करियर का दूसरा शतक पूरा किया।
वैभव ने आईपीएल इतिहास का तीसरा सबसे तेज शतक लगाया। उन्होंने 37 गेंदों का सामना करते हुए 103 रनों की दमदार पारी खेली। अपनी इस पारी में उन्होंने 5 चौके और 12 छक्के लगाए। वहीं, जुरेल ने 35 गेंदों का सामना करते हुए 51 रनों की शानदार पारी खेली। जुरेल ने 8 चौके और एक छक्का लगाया। रियान पराग का प्रदर्शन एक बार फिर निराशाजनक रहा, और वह 9 गेंदों का सामना करने के बाद सिर्फ 7 रन ही बना सके।
शिमरोन हेटमायर भी बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और 10 गेंदों में 11 रन बनाकर प्रफुल्ल हिंगे का शिकार बने। डोनोवन फेरेरा ने अंत के ओवरों में शानदार बल्लेबाजी करते हुए 16 गेंदों में 3 चौके और तीन छक्कों की मदद से 33 रन बनाए। रवींद्र जडेजा 4 रन ही बना सके, तो जोफ्रा आर्चर 2 रन बनाकर नाबाद रहे। गेंदबाजी में एसआरएच की तरफ से प्रफुल्ल हिंगे और ईशान मलिंगा ने दो-दो विकेट चटकाए। वहीं, साकिब हुसैन और पैट कमिंस ने एक-एक विकेट अपने नाम किया।
रियान पराग की कप्तानी में राजस्थान रॉयल्स इस मुकाबले में यशस्वी जायसवाल, वैभव सूर्यवंशी, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), शिमरोन हेटमायर, डोनोवन फरेरा, रवींद्र जडेजा, जोफ्रा आर्चर, तुषार देशपांडे, नांद्रे बर्गर और बृजेश शर्मा के साथ खेल रही है।
सनराइजर्स हैदराबाद पैट कमिंस की अगुवाई में इस मुकाबले में अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, हेनरिक क्लासेन, सलिल अरोड़ा (विकेटकीपर), अनिकेत वर्मा, नीतीश कुमार रेड्डी, शिवांग कुमार, साकिब हुसैन, प्रफुल हिंगे और ईशान मलिंगा के साथ मैदान पर उतरी है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   25 April 2026 9:38 PM IST










