'कैच छोड़ना हमें भारी पड़ा', एसआरएच के खिलाफ हार के बाद बोले कप्तान रियान पराग

जयपुर, 25 अप्रैल (आईएएनएस)। आईपीएल 2026 के 36वें मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स (आरआर) को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ शनिवार को 5 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। इस सीजन की तीसरी हार के बाद राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग ने माना कि टीम को मुकाबले में कैच छोड़ना काफी महंगा पड़ा।
सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मिली हार के बाद कप्तान रियान ने कहा, "स्किल के हिसाब से हमने काफी अच्छा किया। हालांकि, हमने कैच छोड़े, जो हमें भारी पड़ा। अभिषेक जैसे शानदार खिलाड़ी के आप कैच नहीं छोड़ सकते हैं। यह देखने लायक होगा। यह गेम का एक हिस्सा है। हमें क्लिनिकल होना होगा और फील्डिंग एक बड़ा रोल निभाती है। हम अगले मैच में मानसिक तौर पर तरोताजा होकर वापस आएंगे।"
उन्होंने आगे कहा, "सच कहूं तो, उन्होंने 18वें और 19वें ओवर में अच्छी गेंदबाजी की और शानदार यॉर्कर फेंके। हम 10-15 रन और बनाना चाहते थे। वे दोनों बाएं हाथ के बल्लेबाज (ईशान और अभिषेक) थे और मुझे लगा कि मेरे और फरेरा के पास विकेट लेने का बेहतर चांस था, विकेट में स्पिन गेंदबाजों के लिए मदद नहीं थी। असल में चीजें प्लान के मुताबिक नहीं रही, लेकिन अगली बार भी ऐसा ही करेंगे।"
मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान रॉयल्स ने 20 ओवर में 6 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 228 रन लगाए। टीम की ओर से वैभव सूर्यवंशी ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए शतकीय पारी खेली। वैभव ने 37 गेंदों में 103 रन बनाए, जबकि ध्रुव जुरेल ने 51 रनों का योगदान दिया। हालांकि, एसआरएच ने 229 रनों के लक्ष्य को 18.3 ओवर में 5 विकेट खोकर हासिल कर लिया।
एसआरएच की तरफ से अभिषेक शर्मा ने 29 गेंदों में 57 रन बनाए। वहीं, ईशान किशन ने 31 गेंदों में 74 रनों की दमदार पारी खेली। हेनरिक क्लासेन ने 24 गेंदों में 29 रन बनाए, तो नीतीश कुमार रेड्डी ने 18 गेंदों में 2 चौके और 3 छक्कों की मदद से 36 रन बनाए। यह एसआरएच की इस सीजन की पांचवीं जीत है, जबकि आरआर को तीसरी हार का मुंह देखना पड़ा है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   25 April 2026 11:57 PM IST











