भारत ने तुवालु को स्वास्थ्य सहायता जारी रखने की प्रतिबद्धता दोहराई
फुनाफुती, 25 अप्रैल (आईएएनएस)। केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री पबित्र मार्गेरिटा ने शनिवार को दक्षिण प्रशांत द्वीपीय देश तुवालु के साथ स्वास्थ्य क्षेत्र में सहयोग जारी रखने की भारत की प्रतिबद्धता दोहराई।
उन्होंने कहा कि भारत तुवालु को स्वास्थ्य सेवाओं के लिए डायलिसिस यूनिट और समुद्री एम्बुलेंस उपलब्ध कराएगा। यह सहायता पोलिनेशियन द्वीपीय राष्ट्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
अपने दौरे के दौरान मंत्री ने फुनाफुती स्थित प्रिंसेस मार्गरेट अस्पताल का दौरा किया और वहां समुदाय को आवश्यक सेवाएं दे रहे स्वास्थ्यकर्मियों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि भारत और तुवालु मिलकर वहां की जनता के लिए बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने का प्रयास करेंगे।
इससे पहले उन्होंने तुवालु के शिक्षा मंत्री और कार्यवाहक स्वास्थ्य मंत्री हामोआ होलोना से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्रों में भारत-तुवालु सहयोग बढ़ाने के उपायों पर चर्चा की।
शुक्रवार को मार्गेरिटा ने तुवालु के कार्यवाहक प्रधानमंत्री एवं विदेश, श्रम और व्यापार मंत्री पॉलसन पनापा से मुलाकात की। इस दौरान स्वास्थ्य क्षेत्र और जलवायु अनुकूल बुनियादी ढांचे के निर्माण सहित द्विपक्षीय विकास सहयोग को मजबूत करने पर चर्चा हुई।
उन्होंने एक्स पर कहा कि भारत और तुवालु के संबंध साझा मूल्यों और आपसी प्रतिबद्धता पर आधारित हैं तथा भारत तुवालु के विकास सफर में एक भरोसेमंद साझेदार बना रहेगा।
मार्गेरिटा ने तुवालु के गवर्नर-जनरल टोफिगा वाएवालु फलानी से भी मुलाकात की और विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग बढ़ाने पर सार्थक बातचीत की।
इसके अलावा उन्होंने तुवालु के गृह, जलवायु परिवर्तन और पर्यावरण मंत्री डॉ. मैना वकाफुआ तालिया से भी मुलाकात कर जलवायु सहनशीलता, आपदा तैयारी, सतत विकास और क्षमता निर्माण पर विचार-विमर्श किया।
इससे पहले 22 अप्रैल को उन्होंने वानुअतु के प्रधानमंत्री जोथम नापात और कार्यवाहक विदेश मंत्री जेवियर इमैनुएल हैरी से भी मुलाकात कर स्वास्थ्य, क्षमता निर्माण और जलवायु अनुकूल ढांचे समेत कई क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की थी।
विदेश मंत्रालय ने कहा कि पबित्र मार्गेरिटा की वानुअतु और तुवालु यात्रा प्रशांत द्वीपीय देशों के साथ भारत के राजनीतिक और विकासात्मक संबंधों को मजबूत करने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। यह यात्रा मई 2023 में पोर्ट मोरेस्बी में आयोजित फोरम फॉर इंडिया-पैसिफिक आइलैंड्स कोऑपरेशन के तीसरे शिखर सम्मेलन की निरंतरता भी है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   25 April 2026 11:44 PM IST











