गृह मंत्री अमित शाह ने नीति आयोग के सदस्य बनने पर प्रोफेसर गोबर्धन दास को दी बधाई
नई दिल्ली, 25 अप्रैल (आईएएनएस)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आईआईएसईआर भोपाल के निदेशक प्रोफेसर गोबर्धन दास को नीति आयोग के सदस्य बनने पर बधाई दी। अमित शाह ने कहा कि दास राष्ट्र निर्माण में अपना अपार योगदान देंगे।
गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा कि शनिवार को कोलकाता में आईआईएसईआर भोपाल के निदेशक प्रोफेसर गोबर्धन दास से मिलकर मुझे अत्यंत प्रसन्नता हुई। एक बंगाली विद्वान, प्रोफेसर दास ने आणविक विज्ञान में अपने अचूक योगदान से भारत और बंगाल को गौरवान्वित किया है। नीति आयोग के पूर्णकालिक सदस्य बनने पर मैं उन्हें हार्दिक बधाई देता हूं। आशा है कि वे राष्ट्र निर्माण में अपना अपार योगदान देंगे।
नीति आयोग के सदस्य डॉ. गोबर्धन दास एक प्रख्यात आणविक विज्ञान के प्रोफेसर हैं, जिन्होंने लगभग तीन दशकों के वैज्ञानिक करियर में प्रतिरक्षा विज्ञान, संक्रामक रोगों और कोशिका जीव विज्ञान में विशेषज्ञता हासिल की है। डॉ. दास को तपेदिक के रोगजनन पर अपने शोध के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त है।
बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने नीति आयोग के ढांचे में बड़ा बदलाव किया और उपाध्यक्ष एवं सदस्य नियुक्त किए।
केंद्र ने दक्षिण दिनाजपुर के बालुरघाट से भाजपा विधायक और प्रख्यात अर्थशास्त्री अशोक लाहिड़ी को नीति आयोग का उपाध्यक्ष बनाया, जबकि जाने-माने इम्यूनोलॉजिस्ट गोबर्धन दास को इस संस्था का सदस्य नियुक्त किया गया। इसे लेकर गोबर्धन दास ने पीएम मोदी का धन्यवाद किया।
गोबर्धन दास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर कहा कि आज मेरे जीवन का बहुत अहम दिन है। मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का दिल से धन्यवाद करता हूं कि उन्होंने मुझे नीति आयोग के सदस्य के रूप में सेवा करने का अवसर प्रदान किया है।
उन्होंने कहा कि मैं एक पश्चिम बंगाल के सुदूर गांव के दलित वर्ग के एक आम किसान परिवार का बेटा हूं। बचपन से ही मिट्टी की खुशबू, मेहनत की कीमत और संघर्ष की सच्चाई मेरी जिंदगी का मुख्य अंग रही है। आज की जिम्मेदारी मेरे लिए सिर्फ एक पद नहीं है, यह मुझ जैसे अनगिनत आम लोगों के सपनों, उम्मीदों और विश्वासों की झलक है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   25 April 2026 11:53 PM IST











