वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट 2027 के लिए ऑस्ट्रेलिया-न्यूजीलैंड में रोड शो सफल, 150 से अधिक निवेशकों से हुई चर्चा

वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट 2027 के लिए ऑस्ट्रेलिया-न्यूजीलैंड में रोड शो सफल, 150 से अधिक निवेशकों से हुई चर्चा
गुजरात में निवेश आकर्षित करने और अंतरराष्ट्रीय आर्थिक साझेदारी को मजबूत करने के उद्देश्य से राज्य सरकार के उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड में वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट (वीजीजीएस) 2027 के प्रचार के लिए आयोजित रोड शो सफलतापूर्वक पूरा किया।

गांधीनगर, 7 नवंबर (आईएएनएस)। गुजरात में निवेश आकर्षित करने और अंतरराष्ट्रीय आर्थिक साझेदारी को मजबूत करने के उद्देश्य से राज्य सरकार के उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड में वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट (वीजीजीएस) 2027 के प्रचार के लिए आयोजित रोड शो सफलतापूर्वक पूरा किया।

26 अक्टूबर से 2 नवंबर तक चले इस आठ दिवसीय दौरे का नेतृत्व गुजरात सरकार के ऊर्जा एवं पेट्रोकेमिकल्स मंत्री ऋषिकेश पटेल ने किया।

इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने 11 वन-टू-वन बैठकें, चार मंत्रीस्तरीय बैठकें और आठ सेक्टर आधारित राउंडटेबल चर्चाएं कीं। इन बैठकों में 150 से अधिक उद्योगपतियों, निवेशकों, कारोबारी प्रतिनिधियों और सरकारी अधिकारियों ने भाग लिया। इसके अलावा छह साइट और फैसिलिटी विजिट तथा भारतीय प्रवासी समुदाय के तीन कार्यक्रमों में भी प्रतिनिधिमंडल शामिल हुआ।

यह रोड शो 10 से 12 जनवरी 2027 तक आयोजित होने वाली वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट 2027 के तहत किया गया। इसका उद्देश्य क्रिटिकल मिनरल्स, ऊर्जा, नवीकरणीय ऊर्जा, टेक्नोलॉजी, लॉजिस्टिक्स, शिक्षा, खेल बुनियादी ढांचे और पर्यटन जैसे क्षेत्रों में गुजरात की निवेश संभावनाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत करना था।

ऑस्ट्रेलिया में 26 से 30 अक्टूबर तक प्रतिनिधिमंडल ने मेलबर्न, सिडनी और ब्रिस्बेन का दौरा किया। इस दौरान कैवेंडिश रिन्यूएबल टेक्नोलॉजी, कॉक्स आर्किटेक्चर, इनिशिएटिव स्पोर्ट्स एंड इवेंट्स, आईओनिक, प्रोगिया फूड्स, ऑस एनर्जी स्टोर, सेंटर फॉर ऑस्ट्रेलिया-इंडिया रिलेशंस, एंडुआ और पॉपुलस जैसी प्रमुख कंपनियों एवं संस्थाओं के साथ नौ वन-टू-वन बैठकें हुईं।

इसके अलावा, न्यू साउथ वेल्स सरकार के मंत्री अनौलैक चंथिवोंग, एनएसडब्ल्यू पार्लियामेंट फ्रेंड ऑफ इंडिया के सह-अध्यक्ष वॉरेन किर्बी और NSW के शैडो मिनिस्टर मार्क जोसेफ कूरे के साथ तीन मंत्रीस्तरीय बैठकें आयोजित की गईं। इन बैठकों में द्विपक्षीय व्यापार, निवेश और गुजरात के प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा हुई।

ऑस्ट्रेलिया में सरकार, उद्योग, शिक्षा और स्टार्टअप क्षेत्र के 100 से अधिक प्रतिनिधियों की भागीदारी के साथ छह सेक्टर आधारित राउंडटेबल चर्चाएं आयोजित की गईं। इनमें खेल बुनियादी ढांचे, बड़े अंतरराष्ट्रीय आयोजनों, क्रिटिकल मिनरल्स की सप्लाई चेन, नवीकरणीय ऊर्जा और इनोवेशन आधारित उद्योगों पर विचार-विमर्श किया गया।

प्रतिनिधिमंडल ने मोनाश यूनिवर्सिटी, क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (एमसीजी), मार्वल स्टेडियम और गाबा स्टेडियम का भी दौरा किया। इन दौरों का उद्देश्य गुजरात में खेल बुनियादी ढांचे और बड़े अंतरराष्ट्रीय आयोजनों के आयोजन के लिए बेहतर व्यवस्थाओं और कार्यप्रणालियों का अध्ययन करना था। ब्रिस्बेन में वर्ष 2032 के ओलंपिक और पैरालंपिक खेलों से जुड़ी संभावनाओं पर भी चर्चा की गई।

ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान मेलबर्न और ब्रिस्बेन में भारतीय एवं गुजराती प्रवासी समुदाय के साथ कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसमें प्रवासी भारतीयों को वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट 2027 में गुजरात के ब्रांड एंबेसडर के रूप में जुड़ने का आमंत्रण दिया गया।

इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने 1 और 2 नवंबर को न्यूजीलैंड के ऑकलैंड का दौरा किया। यहां कॉनटैक्‍ट एनर्जी और सर्विस फूड्स के साथ वन-टू-वन बैठकें हुईं। न्यूजीलैंड सरकार के स्वास्थ्य, ऊर्जा और स्टेट ओन्ड एंटरप्राइजेज मंत्री सिमियॉन ब्राउन के साथ भी मंत्रीस्तरीय बैठक आयोजित की गई।

इंडिया न्यूजीलैंड बिजनेस काउंसिल (आईएनजेडबीसी) और इंडिया न्यूजीलैंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (आईएनजेडसीसीआई) की ओर से आयोजित दो राउंडटेबल चर्चाओं में 50 से अधिक उद्योग प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। इनमें मेनफ्रेट एयर एंड ओशन, हिरिंगा एनर्जी, एनर्जी रिसोर्सेज एओटेरोआ, बैंक ऑफ न्यूजीलैंड (बीएनजेड), एलिमेंटल ग्रुप और तारानाकी चैंबर ऑफ कॉमर्स जैसी संस्थाएं शामिल हुईं।

न्यूजीलैंड दौरे के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने कॉनटैक्‍ट एनर्जी के पहले ग्रिड-स्केल ग्लेनब्रुक ओहुरुआ बैटरी प्रोजेक्ट का भी दौरा किया। यहां नवीकरणीय ऊर्जा, बैटरी स्टोरेज, लॉजिस्टिक्स, बैंकिंग, वित्तीय सेवाओं, वैज्ञानिक अनुसंधान और तकनीक के क्षेत्र में संभावनाओं पर चर्चा हुई।

गुजरात सरकार के इस प्रतिनिधिमंडल में राज्य कर विभाग के चीफ कमिश्नर रूपवंत सिंह (आईएएस), भूविज्ञान एवं खनन आयुक्त डॉ. धवल पटेल (आईएएस) सहित वरिष्ठ अधिकारी और उद्योग जगत के प्रतिनिधि शामिल थे। प्रतिनिधिमंडल में शक्ति ग्रुप ऑफ कंपनीज के चेयरमैन एवं एमडी श्रेयांश गोयल, रिलायंस इंडस्ट्रीज के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट मेहुल वैद्य, एलेक्सियस प्रोजेक्ट्स के निदेशक मिलन ठक्कर और हिंदुस्तान मैग के संस्थापक एवं निदेशक हर्षिल तमाकुवाला भी शामिल रहे।

गुजरात सरकार का लक्ष्य इस अंतरराष्ट्रीय रोड शो के माध्यम से वैश्विक निवेशकों और उद्योग जगत के साथ साझेदारी को मजबूत करना तथा जनवरी 2027 में होने वाली वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट में अधिक से अधिक अंतरराष्ट्रीय भागीदारी सुनिश्चित करना है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :  

Tags

Next Story