विपक्षी दलों ने मुसलमानों को वोट बैंक की राजनीति में फंसाया रखा एके शर्मा
लखनऊ, 5 अक्टूबर (आईएएनएस)। यूपी में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव में मुसलमानों का वोट किस ओर जाएगा, इसे लेकर हलचल तेज हो गई है। उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री एके शर्मा ने कहा कि विपक्षी दलों ने मुसलमानों को वोट बैंक की राजनीति में फंसाया रखा है।
एके शर्मा का यह बयान उस वक्त आया है, जब एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि अगर पार्टियां यह सोचती हैं कि मुसलमान उनके लिए सिर्फ वोट बैंक हैं तो आगामी विधानसभा चुनाव में इसका जवाब मिलेगा।
लखनऊ में आईएएनएस से बातचीत में मंत्री एके शर्मा ने कहा कि ओवैसी का यह बयान कुछ हद तक सही लगता है। हम लोग कहते आए हैं कि विपक्षी पार्टियों ने अल्पसंख्यकों खासतौर पर मुस्लिमों को वोट बैंक की राजनीति में फंसाया है। यह सच है कि मुसलमानों के लिए कुछ नहीं किया गया। हमारी सरकार आई तो सबसे ज्यादा यूपी में पीएम आवास मुसलमानों को दिया गया। देश में पिछली सरकारों के दौरान मुसलमानों को कोई सुविधा नहीं दी गई। सपा के पीडीए में ए अल्पसंख्यकों के लिए नहीं बल्कि अपराधियों के लिए है।
उन्होंने यूपी से भाजपा की ओर से 8 राज्यसभा उम्मीदवारों की घोषणा पर सभी को बधाई दी और जीत की शुभकामनाएं दी।
उन्होंने बताया कि दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश को प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी के अन्तर्गत शानदार उपलब्धियों के लिए 2 महत्वपूर्ण श्रेणियों में पुरस्कृत किया गया है। पहला पुरस्कार (देश में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन): प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी 1.0 के लाभार्थी आधारित आवास निर्माण (बीएलसी) घटक के अन्तर्गत स्वीकृत सभी आवासों के सापेक्ष देश में सर्वाधिक आवास पूर्ण करने के लिए उत्तर प्रदेश को सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले राज्यों की श्रेणी में ‘प्रथम स्थान’ प्राप्त हुआ।
दूसरा पुरस्कार: प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी 2.0 के अन्तर्गत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले राज्य की श्रेणी में स्वीकृत आवासों की कुल संख्या के सापेक्ष सर्वाधिक प्रतिशत आवासों की ग्राउण्डिंग (धरातल पर कार्य शुरू करने) के लिए उत्तर प्रदेश राज्य को ‘तृतीय स्थान’ से पुरस्कृत किया गया।
उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के आशीर्वाद से और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में इस उपलब्धि के लिए सभी सहकर्मियों तथा लाभार्थियों को बधाई के साथ कहूंगा कि शहरी ग़रीबों की सेवा में हम जो भी श्रेष्ठतम कर सकें, वो करते रहें।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   5 Oct 2026 9:40 PM IST












