विरोधी आपस में बाल नोचें, हमें मतलब नहीं, हमारा लक्ष्य 2017 का रिकॉर्ड तोड़ना है सांसद रवि किशन

गोरखपुर, 26 नवंबर (आईएएनएस)। कांग्रेस-समाजवादी पार्टी के गठबंधन पर निशाना साधते हुए भारतीय जनता पार्टी के लोकसभा सदस्य रवि किशन ने कहा कि विरोधी आपस में बाल नोचें, हमें उससे कोई मतलब नहीं है। हमारी चिंता सिर्फ इस बात की है कि भाजपा चुनाव कैसे लड़ेगी और 2017 का रिकॉर्ड कैसे तोड़ेगी। उन्होंने कहा कि विपक्ष में स्वार्थ और लालच है, जबकि एनडीए में देश पहले है, इसलिए वहां नोचा-नोची नहीं होती।
भाजपा सांसद ने कहा कि विरोधी एक-दूसरे का क्या करेंगे, यह कुछ दिनों में आप स्वयं देख लेंगे, क्योंकि वहां स्वार्थ और लालच है, जबकि यहां देश पहले है। हम लोग आपस में नोचा-नोची नहीं करते। एनडीए में सभी लोग बड़े प्रेम से साथ चलते हैं और इतने समय से प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में यह गठबंधन सफलतापूर्वक चल रहा है। विपक्ष की दो पार्टियां भी खुद को नहीं संभाल पा रही हैं और एक-दूसरे के बाल नोचने को तैयार हैं।
सांसद वि किशन ने कहा कि ऐसा इसलिए है क्योंकि जब आप केवल अपने बारे में सोचते हैं। जब आप देश के लिए सोचते हैं, तब आपसी टकराव नहीं होता। इसलिए एनडीए में नोचा-नोची नहीं होती। सभी प्रेम से साथ चलते हैं क्योंकि विकसित भारत का निर्माण और प्रधानमंत्री मोदी के सपनों को पूरा करना लक्ष्य है।
कांग्रेस-सपा गठबंधन पर निशाना साधते हुए रवि किशन ने कहा कि यह सब झूठ है। अभी चुनाव आ रहे हैं, इसलिए चुनावी हिंदुत्व और चुनावी योजनाएं दिखाई देंगी। बड़ी-बड़ी बातें करना आसान है। प्रधानमंत्री मोदी जो कहते हैं, वह करते हैं। लाभार्थियों को हर प्रकार का लाभ मिला है। धरातल पर विकास दिखाई दे रहा है।
उन्होंने कहा कि कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक कोई एक व्यक्ति ऐसा नहीं कह सकता कि उसे सड़क, जल योजना, आवास योजना, आयुष्मान कार्ड या किसान सम्मान निधि का लाभ नहीं मिला। किसानों के खातों में छह हजार रुपए पहुंच रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी और पीएम मोदी कभी झूठ नहीं बोलते। उनकी कथनी और करनी में कभी अंतर नहीं होता।
एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा सांसद रवि किशन ने कहा कि ये लोग स्वयं को जनता का मालिक बताना चाहते हैं। मैं पूछना चाहता हूं कि इन्होंने किया क्या है? चुनाव आते ही ये स्वयं को मालिक घोषित करने लगते हैं। हमें अपनी संगठनात्मक शक्ति को और मजबूत करना चाहिए और यह बताना चाहिए कि प्रधानमंत्री मोदी ने भारत के लिए क्या किया है और भारतीय जनता पार्टी ने देश को कितना आगे बढ़ाया है।
उन्होंने कहा कि आज भारत अंतरिक्ष के क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है। हम सेमीकंडक्टर बना रहे हैं, हम ब्रह्मोस बना रहे हैं, जो पाकिस्तान में घुसकर मारता है और यह उत्तर प्रदेश में बन रहा है। सड़कें बन रही हैं, एयरपोर्ट बन रहे हैं। गोरखपुर में भी हजारों करोड़ रुपये का निवेश होने जा रहा है। यह कोई छिपी हुई बात नहीं है।
भाजपा सांसद ने कहा कि मैंने स्वयं 2003 का गोरखपुर देखा है। उस समय और आज के समय में बहुत बड़ा अंतर है। चुनाव आते ही कुछ लोग मालिक बनने लगते हैं, संविधान को तार-तार करने लगते हैं। ये लोग संविधान के बारे में अगर कुछ जानते, तो क्या इंदिरा गांधी कभी इमरजेंसी लगातीं? जात-पात और सामाजिक भेदभाव के जहर को समाप्त करने के लिए बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर संविधान लेकर आए।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
