विश्व ऑटिज्म जागरूकता दिवस 2026 समझ, स्वीकार्यता और सम्मान की ओर एक कदम

विश्व ऑटिज्म जागरूकता दिवस 2026 समझ, स्वीकार्यता और सम्मान की ओर एक कदम
हर साल 2 अप्रैल को विश्व ऑटिज्म जागरूकता दिवस मनाया जाता है। यह दिन सिर्फ एक औपचारिकता नहीं है, बल्कि हमें यह याद दिलाता है कि हमारे आसपास ऐसे कई लोग हैं जो दुनिया को थोड़ा अलग तरीके से देखते और समझते हैं। उन्हें हमारी सहानुभूति नहीं, बल्कि समझ, स्वीकार्यता और सम्मान की जरूरत है।

नई दिल्ली, 1 अप्रैल (आईएएनएस)। हर साल 2 अप्रैल को विश्व ऑटिज्म जागरूकता दिवस मनाया जाता है। यह दिन सिर्फ एक औपचारिकता नहीं है, बल्कि हमें यह याद दिलाता है कि हमारे आसपास ऐसे कई लोग हैं जो दुनिया को थोड़ा अलग तरीके से देखते और समझते हैं। उन्हें हमारी सहानुभूति नहीं, बल्कि समझ, स्वीकार्यता और सम्मान की जरूरत है।

ऑटिज्म, जिसे ऑटिज्म स्पेक्ट्रम डिसऑर्डर (एएसडी) भी कहा जाता है, कोई बीमारी नहीं है जिसे ठीक किया जाए। यह दिमाग के काम करने का एक अलग तरीका है। ऑटिज्म से जुड़े लोग दुनिया को, लोगों को और चीजों को अलग नजरिए से महसूस करते हैं।

अक्सर देखा जाता है कि समाज में ऑटिज्म को लेकर कई गलतफहमियां हैं। लोग इसे कमजोरी या कमी समझ लेते हैं, जबकि सच यह है कि यह एक तरह की न्यूरोडायवर्सिटी है। जैसे हर इंसान का स्वभाव अलग होता है, वैसे ही ऑटिज्म वाले लोगों का सोचने और समझने का तरीका भी अलग होता है।

ऑटिज्म के कुछ सामान्य संकेत बचपन में ही दिखने लगते हैं। जैसे बच्चे का आंखों में कम देखना, बोलने में देरी होना, बार-बार एक ही हरकत करना या दिनचर्या में थोड़ा बदलाव होने पर परेशान हो जाना। कुछ बच्चों को तेज आवाज, रोशनी या कुछ खास चीजों से ज्यादा परेशानी भी हो सकती है। लेकिन हर ऑटिज्म से प्रभावित व्यक्ति अलग होता है। किसी में लक्षण ज्यादा होते हैं, तो किसी में कम।

समाज में फैली गलतफहमियों को दूर करने के लिए सबसे जरूरी है जागरूकता। जब तक हमें सही जानकारी नहीं होगी, हम सही व्यवहार भी नहीं कर पाएंगे। हमें यह समझना होगा कि ऑटिज्म कोई गलत चीज नहीं है, बल्कि एक अलग तरह की क्षमता है।

दूसरी चीज है स्वीकार्यता। हमें ऑटिज्म वाले लोगों को बदलने की कोशिश करने के बजाय उन्हें वैसे ही स्वीकार करना चाहिए जैसे वे हैं। अगर कोई बच्चा थोड़ा अलग व्यवहार करता है, तो उसे जज करने के बजाय समझने की कोशिश करनी चाहिए।

तीसरी और सबसे अहम चीज है सम्मान। हर इंसान की तरह ऑटिज्म से जुड़े लोगों को भी बराबरी का हक है, चाहे वो स्कूल हो, नौकरी हो या समाज। उन्हें भी अपने सपनों को पूरा करने का पूरा अधिकार है। आज के समय में कई संगठन और स्कूल इस दिशा में काम कर रहे हैं। अब पहले की तुलना में लोग ज्यादा जागरूक हो रहे हैं।

ऑटिज्म से जुड़े बच्चों के लिए स्पेशल एजुकेशन और थेरेपी जैसी सुविधाएं भी बढ़ रही हैं। अगर ऑटिज्म के लक्षण जल्दी पहचान लिए जाएं, तो सही थेरेपी और सपोर्ट से बच्चों की जिंदगी में बड़ा बदलाव लाया जा सकता है। स्पीच थेरेपी, ऑक्यूपेशनल थेरेपी और बिहेवियरल थेरेपी जैसे तरीके काफी मददगार साबित होते हैं।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   1 April 2026 10:45 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story