'विश्व साक्षरता दिवस' की उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित कई नेताओं ने दी बधाई
नई दिल्ली, 8 सितंबर (आईएएनएस)। 'विश्व साक्षरता दिवस' के अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित कई नेताओं ने बधाई दी है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर लिखा, "'विश्व साक्षरता दिवस' की प्रदेश वासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। साक्षरता केवल अक्षर ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सशक्तीकरण, गरिमापूर्ण जीवन और नए अवसरों के द्वार भी खोलती है। आइए, शिक्षा के प्रकाश को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने हेतु हम सभी संकल्पित हों।"
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने 'एक्स' पोस्ट पर लिखा, "ज्ञान और शिक्षा ही सशक्त एवं समृद्ध समाज की नींव हैं। आइए, साक्षरता के महत्व को समझते हुए हर व्यक्ति तक शिक्षा की रोशनी पहुंचाने का संकल्प लें। विश्व साक्षरता दिवस की प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं।"
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, "समस्त प्रदेशवासियों को विश्व साक्षरता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। शिक्षा ज्ञान का वह दीपक है जो हर व्यक्ति के जीवन में अंधकार रूपी अज्ञान को मिटाता है। यह हम सभी के समेकित प्रयासों का ही परिणाम है कि आज उत्तराखंड पूर्ण साक्षर राज्य बन गया है। हमारा प्रयास रहेगा कि शिक्षा की यह ज्योति प्रदेश के प्रत्येक नागरिक तक पहुंचे और साक्षरता के साथ-साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं कौशल विकास के अवसर भी सभी को उपलब्ध हों।"
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने 'एक्स' पोस्ट में लिखा, "विश्व साक्षरता दिवस के अवसर पर समस्त प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। साक्षरता केवल ज्ञान का प्रकाश नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता, जागरूकता और सशक्त समाज की नींव है। आइए, इस अवसर पर संकल्प लें कि शिक्षा और साक्षरता की रोशनी समाज के हर वर्ग और हर व्यक्ति तक पहुंचाएंगे तथा एक शिक्षित, सशक्त और विकसित भारत के निर्माण में अपना योगदान देंगे।"
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, "शिक्षा केवल अक्षर ज्ञान नहीं, सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता की पहली सीढ़ी है। 'अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस' के अवसर पर आइए, हम सब मिलकर समाज से निरक्षरता के अंधकार को मिटाने और हर नागरिक तक ज्ञान की रोशनी पहुंचाने का दृढ़ संकल्प लें। एक शिक्षित नागरिक, सशक्त राज्य और समर्थ राष्ट्र की पहचान है।"
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव मौर्य ने 'एक्स' पोस्ट में लिखा, "समस्त देश और प्रदेशवासियों को अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं! साक्षरता वह दिव्य अस्त्र है जो मनुष्य को सामाजिक विषमता और अज्ञानता की बेड़ियों से मुक्त कराता है। जब ज्ञान का दीप हर घर में प्रज्वलित होगा, तभी एक समृद्ध, सशक्त और विकसित भारत का स्वप्न साकार होगा। आइए, इस अवसर पर एक ऐसे समृद्ध समाज के निर्माण का संकल्प लें जहां हर नागरिक शिक्षा के प्रकाश से देदीप्यमान हो।"
बिहार सरकार में मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, "एक शिक्षित समाज ही सशक्त राष्ट्र और उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला रखता है। विकास की पहली सीढ़ी शिक्षा है और साक्षरता ही उस परिवर्तन का मजबूत आधार है। आइए, अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस के अवसर पर संकल्प लें कि स्वयं पढ़ेंगे, दूसरों को पढ़ाएंगे और शिक्षा की ज्योति को घर-घर तक पहुंचाएंगे।"
उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने सोशल मीडिया पर पोस्ट में लिखा, "‘अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस’ का यह अवसर हम सभी को समाज में ज्ञान की अलख जगाने की प्रेरणा देता है। शिक्षा व्यक्ति के जीवन को नई दिशा देने के साथ ही समाज और राष्ट्र के विकास की मजबूत नींव रखती है। साक्षरता आत्मविश्वास, जागरूकता व सशक्तिकरण का मार्ग प्रशस्त करती है। आइए, हम सभी मिलकर शिक्षा के प्रकाश को समाज के प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचाने और साक्षर, शिक्षित एवं सशक्त भारत के निर्माण में अपना योगदान देने का संकल्प लें।"
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   8 Sept 2026 9:14 AM IST












