विश्व मानक दिवस 2026 सिर्फ नियम नहीं, हमारी सुरक्षा और भरोसे की नींव हैं मानक
नई दिल्ली, 13 अक्टूबर (आईएएनएस)। हम रोजमर्रा की जिंदगी में कई ऐसी चीजों का इस्तेमाल करते हैं, जिनकी गुणवत्ता और सुरक्षा का ध्यान रखना बेहद जरूरी होता है। चाहे मोबाइल फोन हो, चार्जर, घरेलू उपकरण, खाने-पीने की चीजें या फिर कोई औद्योगिक मशीन, हर उत्पाद के सही और सुरक्षित होने के पीछे कुछ तय मानकों की अहम भूमिका होती है। इन्हीं मानकों के महत्व को समझाने के लिए हर साल 14 अक्टूबर को विश्व मानक दिवस मनाया जाता है।
इस दिन का मुख्य उद्देश्य लोगों को यह बताना है कि मानक केवल नियम-कायदे नहीं हैं, बल्कि हमारी सुरक्षा, गुणवत्ता और भरोसे की नींव हैं। इनके बिना न सिर्फ उत्पादों की गुणवत्ता प्रभावित हो सकती है, बल्कि लोगों की सुरक्षा और वैश्विक व्यापार पर भी बुरा असर पड़ सकता है।
विश्व मानक दिवस पहली बार 14 अक्टूबर 1970 को मनाया गया था। इस दिन अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मानक तैयार करने और उन्हें लागू करने में योगदान देने वाली संस्थाओं के काम को सम्मान दिया जाता है। इनमें अंतरराष्ट्रीय मानकीकरण संगठन यानी आईएसओ और अंतरराष्ट्रीय इलेक्ट्रोटेक्निकल आयोग (आईसीई) जैसी संस्थाएं प्रमुख हैं।
आईएसओ की स्थापना 23 फरवरी 1947 को हुई थी। इसका मुख्यालय स्विट्जरलैंड के जिनेवा में स्थित है। यह संगठन दुनियाभर के विशेषज्ञों के सहयोग से अलग-अलग क्षेत्रों के लिए अंतरराष्ट्रीय मानक तैयार करता है। इन मानकों का उद्देश्य उत्पादों और सेवाओं की गुणवत्ता, सुरक्षा, विश्वसनीयता और कार्यक्षमता को बेहतर बनाना है।
दरअसल, मानक यह तय करने में मदद करते हैं कि किसी उत्पाद या सेवा में गुणवत्ता और सुरक्षा का स्तर कैसा होना चाहिए। उदाहरण के लिए बिजली के उपकरणों में सुरक्षा से जुड़े मानक जरूरी हैं, ताकि शॉर्ट सर्किट और दूसरे खतरों की आशंका कम हो। इसी तरह निर्माण कार्यों में इस्तेमाल होने वाली सामग्री के मानक इमारतों को मजबूत और सुरक्षित बनाने में मदद करते हैं।
मानकों का फायदा केवल ग्राहकों को ही नहीं, बल्कि कंपनियों और उद्योगों को भी मिलता है। जब सभी के लिए कुछ समान नियम होते हैं, तो उत्पादों की गुणवत्ता बनाए रखना आसान हो जाता है। इससे अलग-अलग देशों की कंपनियों के बीच व्यापार और सहयोग भी बेहतर होता है।
आज के समय में तकनीक तेजी से बदल रही है। स्मार्टफोन, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, ऑनलाइन सेवाएं और औद्योगिक मशीनें हमारी जिंदगी का अहम हिस्सा बन चुकी हैं। ऐसे में इनकी सुरक्षा, गुणवत्ता और आपसी अनुकूलता सुनिश्चित करने के लिए मानकों की भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो गई है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   13 Oct 2026 4:11 PM IST












