वॉलीबॉल चैंपियंस लीग दिल्ली डायनामाइट्स ने एम्पेरिया मराठा को हराकर खिताब जीता

वॉलीबॉल चैंपियंस लीग दिल्ली डायनामाइट्स ने एम्पेरिया मराठा को हराकर खिताब जीता
दिल्ली डायनामाइट्स ने नोएडा इंडोर स्टेडियम में खेले गए वॉलीबॉल चैंपियंस लीग (वीसीएल) के फाइनल में एम्पेरिया मराठा को 3-1 से हराकर ट्रॉफी अपने नाम किया। दिल्ली डायनामाइट्स को 2 करोड़ रुपये की प्राइज मनी मिली। रनर-अप को 1 करोड़ रुपये मिले।

नोएडा, 24 अक्टूबर (आईएएनएस)। दिल्ली डायनामाइट्स ने नोएडा इंडोर स्टेडियम में खेले गए वॉलीबॉल चैंपियंस लीग (वीसीएल) के फाइनल में एम्पेरिया मराठा को 3-1 से हराकर ट्रॉफी अपने नाम किया। दिल्ली डायनामाइट्स को 2 करोड़ रुपये की प्राइज मनी मिली। रनर-अप को 1 करोड़ रुपये मिले।

फाइनल मुकाबले की शुरुआत मराठा ने शानदार अंदाज में की। पहले सेट में मराठा के अटैकर्स ने दिल्ली की डिफेंस को भेदते हुए 25-22 से सेट जीत लिया और दिल्ली को बैकफुट पर धकेल दिया। लेकिन चैंपियन टीम ने हार नहीं मानी।

दूसरे सेट से दिल्ली डायनामाइट्स ने जोरदार वापसी की। टीम ने अपनी सर्विस और ब्लॉकिंग में सुधार करते हुए दूसरा सेट 25-19 से अपने नाम किया और स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया।

मैच का टर्निंग पॉइंट तीसरा सेट रहा। दोनों टीमों के बीच एक-एक पॉइंट के लिए कड़ा संघर्ष देखने को मिला। स्कोर 29-29 तक बराबर रहा, लेकिन अंत में दिल्ली ने दबाव में संयम दिखाते हुए लगातार दो पॉइंट जीतकर सेट 31-29 से अपने नाम कर लिया। इस सेट ने दिल्ली का मोमेंटम पूरी तरह बदल दिया।

चौथे सेट में दिल्ली ने इसी लय को बरकरार रखा और मराठा को कोई मौका नहीं दिया। दिल्ली ने 25-19 से चौथा सेट जीतकर 3-1 से फाइनल अपने नाम कर लिया।

टीम की जीत के हीरो रहे शुभम चौधरी को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया, जबकि एसआर शिवराजन को इम्पैक्ट प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड मिला। दोनों खिलाड़ियों ने अहम मौकों पर शानदार प्रदर्शन किया।

जीत के बाद शुभम चौधरी ने कहा, "वॉलीबॉल चैंपियंस लीग का टाइटल जीतना पूरी टीम के लिए एक खास एहसास है। पहला सेट हारने के बाद हम एकजुट रहे, अपनी तैयारी पर भरोसा किया और एक बार में एक पॉइंट पर ध्यान दिया। तीसरा सेट खास तौर पर जरूरी था और एक-दूसरे पर हमारे भरोसे ने हमें मैच पलटने में मदद की। यह जीत टीम की कड़ी मेहनत और मिलकर किए गए प्रयास का नतीजा है।"

नोएडा में खेले गए इस फाइनल ने वॉलीबॉल फैंस को रोमांच से भर दिया और भारतीय वॉलीबॉल के बढ़ते स्तर का सबूत पेश किया।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :  

Tags

Next Story