वार्म-अप मैच में देवदत्त पड्डिकल का शतक, दूसरे दिन के खेल तक भारत मजबूत

वार्म-अप मैच में देवदत्त पड्डिकल का शतक, दूसरे दिन के खेल तक भारत मजबूत
भारत ने नॉनडिस्क्रिप्ट्स क्रिकेट क्लब ग्राउंड में जारी तीन दिवसीय अभ्यास मैच में श्रीलंका क्रिकेट इलेवन के खिलाफ अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। दूसरे दिन की समाप्ति तक भारत ने अपनी पहली पारी में 6 विकेट खोकर 357 रन बना लिए हैं। मेहमान टीम मेजबान टीम की पहली पारी से सिर्फ 6 रन पीछे है।

कोलंबो, 8 अगस्त (आईएएनएस)। भारत ने नॉनडिस्क्रिप्ट्स क्रिकेट क्लब ग्राउंड में जारी तीन दिवसीय अभ्यास मैच में श्रीलंका क्रिकेट इलेवन के खिलाफ अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। दूसरे दिन की समाप्ति तक भारत ने अपनी पहली पारी में 6 विकेट खोकर 357 रन बना लिए हैं। मेहमान टीम मेजबान टीम की पहली पारी से सिर्फ 6 रन पीछे है।

टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंकाई टीम ने अपनी पहली पारी 363/8 के स्कोर पर घोषित की। निशान मदुष्का और रविंदु रसनथा ने पहले विकेट के लिए 110 रन की साझेदारी की। निशान 12 बाउंड्री के साथ 66 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जिसके बाद रविंदु ने पसिंदु सूरियाबंदारा के साथ दूसरे विकेट के लिए 61 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 171 के स्कोर तक पहुंचाया।

पसिंदु सूरियाबंदारा 6 चौकों के साथ 35 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जबकि रविंदु ने 7 बाउंड्री के साथ 71 रनों की पारी खेली। इसके बाद कप्तान सोनल दिनुशा ने रमेश मेंडिस के साथ सातवें विकेट के लिए 63 रन जुटाते हुए टीम को 300 के पार पहुंचाया। सोनल ने टीम के खाते में 52 रन जोड़े। उनकी इस पारी में 1 छक्का और 5 चौके शामिल रहे, जबकि रमेश मेंडिस ने 32 रन का योगदान दिया। भारत की तरफ से रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव और मानव सुथार ने 2-2 विकेट निकाले, जबकि गुरनूर बरार ने 1 विकेट हासिल किया।

इसके जवाब में भारत को पारी की दूसरी ही गेंद पर यशस्वी जायसवाल (0) के रूप मे झटका लगा। इसके बाद देवदत्त पड्डिकल ने कप्तान केएल राहुल के साथ दूसरे विकेट के लिए 96 रन की साझेदारी करते हुए भारत को संभाला। केएल राहुल 1 छक्के और 5 चौकों के साथ 40 रन बनाकर पवेलियन लौटे।

भारत की तरफ से इस पारी में देवदत्त पड्डिकल ने 18 चौकों के साथ नाबाद 142 रन बना लिए हैं। वहीं, रवींद्र जडेजा 63 रन बनाकर रिटायर्ड हर्ट हुए। मानव सुथार ने 41 रन का योगदान टीम के खाते में दिया। श्रीलंकाई खेमे से रमेश मेंडिस और असंका मनोज ने 2-2 विकेट चटकाए, जबकि विश्वा फर्नांडो और केशरा नुवानथा 1-1 विकेट अपने नाम कर चुके हैं।

इस वार्म-अप मैच के बाद टीम इंडिया श्रीलंका के खिलाफ दो मुकाबलों की टेस्ट सीरीज खेलेगी, जिसका पहला मैच 15 अगस्त से गाले में खेला जाएगा। सीरीज का दूसरा मुकाबला 23 अगस्त से कोलंबो में शुरू होगा।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   8 Aug 2026 6:24 PM IST

Tags

Next Story