वॉर्मअप मैच में भारतीय टीम के प्रदर्शन से गदगद बैटिंग कोच सितांशु, देवदत्त पडिक्कल की बल्लेबाजी को सराहा

वॉर्मअप मैच में भारतीय टीम के प्रदर्शन से गदगद बैटिंग कोच सितांशु, देवदत्त पडिक्कल की बल्लेबाजी को सराहा
भारत ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए तीन दिवसीय वॉर्मअप मुकाबले में श्रीलंका क्रिकेट इलेवन के खिलाफ 6 विकेट से जीत दर्ज की। भारतीय टीम ने 207 रनों के लक्ष्य को सिर्फ एक सेशन में हासिल किया। यशस्वी जायसवाल, कप्तान शुभमन गिल के साथ-साथ मोहम्मद सिराज ने भी सिर्फ 15 गेंदों में 32 रन बनाकर टीम की जीत में अहम योगदान दिया। टीम के प्रदर्शन से बैटिंग कोच सितांशु कोटक काफी खुश हैं।

नई दिल्ली, 10 अगस्त (आईएएनएस)। भारत ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए तीन दिवसीय वॉर्मअप मुकाबले में श्रीलंका क्रिकेट इलेवन के खिलाफ 6 विकेट से जीत दर्ज की। भारतीय टीम ने 207 रनों के लक्ष्य को सिर्फ एक सेशन में हासिल किया। यशस्वी जायसवाल, कप्तान शुभमन गिल के साथ-साथ मोहम्मद सिराज ने भी सिर्फ 15 गेंदों में 32 रन बनाकर टीम की जीत में अहम योगदान दिया। टीम के प्रदर्शन से बैटिंग कोच सितांशु कोटक काफी खुश हैं।

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) द्वारा अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर शेयर किए गए वीडियो में बात करते हुए सितांशु ने कहा कि यह वॉर्मअप मुकाबला भारतीय टीम के लिहाज से काफी शानदार रहा। उन्होंने कहा कि अगर हम अगले 4 दिन और भी प्रैक्टिस करते, तो भी वो वॉर्मअप मुकाबले के बराबर नहीं होता।

बैटिंग कोच ने कहा कि गेंदबाजों ने वॉर्मअप मैच में अपना पूरा जोर लगाया जबकि बल्लेबाजों ने भी अच्छा प्रदर्शन किया। सितांशु ने कहा कि हमने यह कोशिश की थी कि सभी को बल्लेबाजी करने का मौका मिले, चाहे फिर वो गेंदबाज ही क्यों न हों। सिराज और गुरनूर की आतिशी बल्लेबाजी का जिक्र करते हुए कोच ने उनके प्रदर्शन पर खुशी जताई। पहली पारी में गुरनूर ने 2 चौके और 4 छक्कों की मदद से 18 गेंदों में नाबाद 36 रन बनाए। वहीं, सिराज दूसरी पारी में एक चौके और 4 छक्कों की मदद से 32 रन बनाकर नॉटआउट रहे।

हालांकि, सितांशु कोटक ने वॉर्मअप मैच का बेस्ट प्रदर्शन देवदत्त पडिक्कल की बल्लेबाजी को बताया, जिन्होंने पहली पारी में 164 गेंदों का सामना करते हुए 142 रनों की दमदार पारी खेली। बैटिंग कोच ने माना कि पिच में तेज गेंदबाजों के लिए कुछ भी नहीं था और इसके बावजूद टीम के फास्ट बॉलर्स ने काफी दम लगाया और अच्छी लाइन एंड लेंथ पर गेंदबाजी की। भारत और श्रीलंका के बीच टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला 15 अगस्त से गॉल के गॉल इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाना है। सीरीज का दूसरा टेस्ट मुकाबला 23 अगस्त से खेला जाएगा, जिसकी मेजबानी कोलंबो का सिंहली स्पोर्ट्स क्लब मैदान करेगा।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   10 Aug 2026 4:08 PM IST

Tags

Next Story