महाराष्ट्र वाशिम में वाहन और कार की आमने-सामने भिड़ंत, दो लोगों की घटनास्थल पर मौत
वाशिम, 4 जुलाई (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के वाशिम जिले में दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इस सड़क हादसे में 2 लोगों की मौके पर मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, वाशिम जिले के कारंजा-मानोरा मार्ग पर स्थित कुपटा घाट में शनिवार सुबह करीब साढ़े दस बजे एक सड़क हादसा हुआ। कुपटा से मानोरा की ओर जा रही एक कार की सामने से आ रहे वाहन से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस और एंबुलेंस को दी।
घटना की जानकारी मिलते ही 108 एम्बुलेंस के पायलट लक्ष्मण चव्हाण तत्काल मौके पर पहुंचे। इसके बाद दोनों शवों को आगे की कार्रवाई के लिए मानोरा ग्रामीण अस्पताल भेजा गया। सूचना मिलते ही पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और पंचनामा कर मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है और हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस जांच में जुटी हुई है। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को रास्ते से हटवा दिया है।
वहीं, वाशिम जिले के मालेगांव में शनिवार को चलती कार में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि देखते ही देखते पूरी कार आग की लपटों में घिर गई और जलकर खाक हो गई। हादसे की वजह से समृद्धि महामार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा।
सूचना मिलते ही अग्निशमन दल और संबंधित प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि कार में सवार सभी लोग समय रहते सुरक्षित बाहर निकल गए थे। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है और संबंधित एजेंसियां मामले की जांच में जुटी हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   4 July 2026 1:27 PM IST












