वेस्टइंडीज के दिग्गज कोर्टनी वॉल्श जिम्बाब्वे के गेंदबाजी कोच बने

वेस्टइंडीज के दिग्गज कोर्टनी वॉल्श जिम्बाब्वे के गेंदबाजी कोच बने
वेस्टइंडीज के पूर्व दिग्गज तेज गेंदबाज कोर्टनी वॉल्श को जिम्बाब्वे सीनियर पुरुष क्रिकेट टीम का गेंदबाजी कोच बनाया गया है। जिम्बाब्वे क्रिकेट ने बुधवार को यह जानकारी दी।

हरारे, 1 जुलाई (आईएएनएस)। वेस्टइंडीज के पूर्व दिग्गज तेज गेंदबाज कोर्टनी वॉल्श को जिम्बाब्वे सीनियर पुरुष क्रिकेट टीम का गेंदबाजी कोच बनाया गया है। जिम्बाब्वे क्रिकेट ने बुधवार को यह जानकारी दी।

जिम्बाब्वे क्रिकेट ने कहा कि उसने ब्लेसिंग न्गोंडो की अध्यक्षता वाली क्रिकेट कमेटी की सिफारिशों को मान लिया है, जिसमें हेड कोच जस्टिन सैमंस के नेतृत्व में सीनियर पुरुष टीम के सहयोगी स्टाफ को बनाए रखने की बात कही गई है।

जिम्बाब्वे क्रिकेट के चेयरमैन तवेंग्वा मुकुहलानी ने कहा, "हमारा मानना ​​है कि वे अनुभव, विशेषज्ञता, निरंतरता और नए नजरिए का एक मजबूत मेल दिखाते हैं जो हमारी नेशनल टीमों और प्लेयर पाथवे स्ट्रक्चर में हमारे रणनीतिक मकसद को आगे बढ़ाने में मदद करेंगे।"

कोर्टनी वॉल्श लंबे समय से कोचिंग के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्होंने हाल ही में भारत और श्रीलंका की सह-मेजबानी में खेले गए टी20 विश्व कप में जिम्बाब्वे के गेंदबाजी कंसल्टेंट के तौर पर काम किया था। जिम्बाब्वे ग्रुप बी में शीर्ष पर रहते हुए सुपर-8 में पहुंची थी। वॉल्श के नेतृत्व में जिम्बाब्वे की गेंदबाजी में प्रभावी बदलाव आया है। इसी वजह से उन्हें कंसल्टेंट की जगह अब पूर्णकालिक कोच की जिम्मेदारी दी गई है।

वॉल्श सितंबर 2016 से तीन साल के कॉन्ट्रैक्ट पर बांग्लादेश के गेंदबाजी कोच के तौर पर काम कर चुके हैं। चंडिका हथुरुसिंघा के इस्तीफे के बाद फरवरी 2018 में उन्हें अंतरिम हेड कोच बनाया गया था। अक्टूबर 2020 में, उन्हें वेस्टइंडीज महिला टीम का हेड कोच बनाया गया था, लेकिन 2023 टी20 वर्ल्ड कप के बाद उनका कॉन्ट्रैक्ट नहीं बढ़ाया गया।

कोर्टनी वॉल्श का नाम क्रिकेट इतिहास के दिग्गज तेज गेंदबाज के रूप में लिया जाता है। वॉल्श ने 1984 से 2001 के बीच खेले 132 टेस्ट मैचों में 519 विकेट लिए थे। टेस्ट क्रिकेट में 500 विकेट लेने वाले वह पहले गेंदबाज बने थे। वॉल्श के नाम 205 वनडे में 227 विकेट दर्ज हैं।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   1 July 2026 9:20 PM IST

Tags

Next Story