वेस्टइंडीज ने पहले टेस्ट में कसा शिकंजा, दूसरी पारी में बांग्लादेश ने महज 79 रनों पर गंवाए 6 विकेट

ढाका, 30 अक्टूबर (आईएएनएस)। बांग्लादेश और वेस्टइंडीज के बीच पहला टेस्ट मैच ढाका में स्थित शेर-ए-बांग्ला क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक बांग्लादेश ने दूसरी पारी में 6 विकेट खोकर 79 रन बनाए हैं। गेंदबाजों के दम पर वेस्टइंडीज ने इस मुकाबले में शिकंजा कस लिया है।
शुक्रवार को वेस्टइंडीज की पूरी टीम पहली पारी में 245 रन बनाकर ऑलआउट हुई। पहली पारी के आधार पर बांग्लादेश ने 27 रनों की मामूली बढ़त हासिल की। कैरेबियाई टीम की तरफ से जॉन कैंपबेल और टैगेनारिन चंद्रपॉल ने अर्धशतकीय पारी खेली। कैंपबेल ने 54 रन बनाए, जबकि चंद्रपॉल ने 56 रनों का योगदान दिया।
जस्टिन ग्रीव्स ने ने 46 रन बनाए तो कप्तान रोस्टन चेज 43 रन बनाकर नाबाद रहे। बांग्लादेश की तरफ से गेंदबाजी में नईम हसन ने 33 रन देकर 4 विकेट चटकाए। वहीं, मेहदी हसन मिराज और तैजुल इस्लाम ने दो-दो विकेट निकाले। हसन महमूद और शोरिफुल इस्लाम ने एक-एक विकेट झटका। बांग्लादेश ने पहली पारी में शादमान की शतकीय पारी के बूते 272 रन बनाए।
दूसरी पारी में बांग्लादेश की शुरुआत बेहद खराब रही। तंजीद हसन तमीम बिना खाता खोले पवेलियन लौटे। इसके बाद कप्तान नजमुल हुसैन शांतो भी महज 10 रन बनाकर आउट हुए। शादमान इस्लाम भी बल्ले से कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर सके और 30 गेंदों का सामना करने के बाद 13 रन बनाकर आउट हुए। तौहीद हृदय को रोस्टन चेज ने बिना खाता खोले आउट किया।
लिटन दास 4 रन बनाकर पवेलियन लौटे। मेहदी हसन मिराज 9 रन बनाकर आउट हुए। दिन का खेल खत्म होने तक जेकर अली 18 और नईम हसन 18 रन बनाकर क्रीज पर डटे हुए हैं। दोनों सातवें विकेट के लिए 26 रन जोड़ चुके हैं। टेस्ट के चौथे दिन वेस्टइंडीज जल्द से जल्द बांग्लादेश की पारी को समेटने के इरादे से मैदान पर उतरेगी। वहीं, बांग्लादेश को जेकर अली से बड़ी पारी की आस होगी। बांग्लादेश की कुल बढ़त 106 रनों की हो चुकी है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
