वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टेस्ट के लिए बांग्लादेश टीम का ऐलान, तस्कीन अहमद की वापसी

नई दिल्ली, 23 अक्टूबर (आईएएनएस)। वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू मैदान पर होने वाले दो टेस्ट मैचों की सीरीज के पहले मैच के लिए बांग्लादेश ने अपनी टीम की घोषणा कर दी है। टीम में तस्कीन अहमद की वापसी हुई है।
अबू धाबी में अफगानिस्तान के खिलाफ पिछले टेस्ट मैच में तस्कीन को आराम दिया गया था, जिसमें अफगानिस्तान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ड्रॉ खेला था। अफगानिस्तान के खिलाफ उस टेस्ट में हसन महमूद की हैट्रिक पर उन्हें बधाई देने वाले तस्कीन अब खालिद अहमद की जगह टीम में वापस आए हैं। यह टेस्ट मैच 28 अक्टूबर से मीरपुर में खेला जाना है।
यूएई में हुई वनडे ट्राई-सीरीज से हिप इंजरी के कारण बाहर रहे व्हाइट-बॉल कप्तान लिटन दास को भी टीम में शामिल किया गया है। वहीं, ऑस्ट्रेलिया और अफगानिस्तान के खिलाफ पूरी सीरीज के दौरान बेंच पर बैठे सौम्य सरकार को 15 सदस्यीय टीम से बाहर कर दिया गया है। उन्होंने अपना आखिरी टेस्ट मैच फरवरी 2021 में खेला था।
इसके अलावा, ट्राई-सीरीज के दो मैचों में से एक में खेलने वाले मेहदी हसन मिराज को भी टीम में जगह मिली है, जो उस दौरान वायरल बुखार से जूझ रहे थे। नजमुल हुसैन शांतो की कप्तानी वाली इस टीम में तीन स्पेशलिस्ट स्पिनर और तीन तेज गेंदबाज शामिल हैं। स्पिन गेंदबाजी की जिम्मेदारी मेहदी, तैजुल इस्लाम और नईम हसन संभालेंगे। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि पहले टेस्ट के लिए कैसी पिच तैयार की जाती है। तेज गेंदबाजों में शोरिफुल इस्लाम, इबादत हुसैन, हसन और तस्कीन शामिल हैं, जबकि नाहिद राणा टीम का हिस्सा नहीं हैं क्योंकि वह साइड स्ट्रेन (मांसपेशियों की चोट) से उबर रहे हैं।
यह दोनों टेस्ट मैच बांग्लादेश के लिए 'वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2027' के फाइनल में पहुंचने की राह में बहुत अहम होंगे। फिलहाल, बांग्लादेश छह मैचों में तीन जीत, एक ड्रॉ और दो हार के साथ चौथे स्थान पर है। उनका जीत प्रतिशत अभी 55.56 प्रतिशत है। वह दक्षिण अफ्रीका से पीछे हैं, जिसने हाल ही में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरा टेस्ट जीता है और उनका जीत प्रतिशत 67 है।
वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टेस्ट के लिए बांग्लादेश टीम: नजमुल हुसैन शान्तो (कप्तान), तस्कीन अहमद, जेकर अली, लिटन दास (विकेटकीपर), मोमिनुल हक, तंजीद हसन, एबादोत हुसैन, तौहीद हृदोय, शादमान इस्लाम, शोरफुल इस्लाम, तैजुल इस्लाम, हसन महमूद, मेहदी हसन मिराज, मुश्फिकुर रहीम और नईम हसन।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
