विमेंस एशिया कप भारत की नजर रिकॉर्ड आठवें खिताब पर, फाइनल में श्रीलंका से होगी भिड़ंत
दुबई, 12 सितंबर (आईएएनएस)। विमेंस एशिया कप 2026 के फाइनल मुकाबले में रविवार को भारत की भिड़ंत श्रीलंका से होगी। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। भारतीय टीम एशिया कप 2024 के फाइनल में श्रीलंका से मिली हार का हिसाब चुकता करने के इरादे से मैदान पर उतरेगी।
हालांकि, भारतीय टीम का रिकॉर्ड श्रीलंका के खिलाफ क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में दमदार रहा है। दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 31 मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें से 25 मैचों में भारतीय टीम ने जीत दर्ज की है। वहीं, सिर्फ 5 मुकाबलों में ही श्रीलंका को जीत नसीब हो सकी है। हालांकि, एशिया कप 2024 के फाइनल में श्रीलंका, भारतीय टीम को हराकर खिताब जीतने में सफल रहा था।
भारतीय टीम का प्रदर्शन टूर्नामेंट में कमाल का रहा है। हरमनप्रीत कौर की अगुवाई में टीम इंडिया ने बिना कोई मैच गंवाए फाइनल तक का सफर तय किया है। सेमीफाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए बांग्लादेश को 40 रनों से हराया था। बल्लेबाजी में शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना कमाल की फॉर्म में नजर आई हैं। हालांकि, हरमनप्रीत कौर और ऋचा घोष बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सकी हैं। गेंदबाजी में श्री चरणी, दीप्ति शर्मा और प्रेमा रावत की तिकड़ी असरदार साबित हुई है। वहीं, तेज गेंदबाजी में क्रांति गौड़ और नंदनी शर्मा ने भी बल्लेबाजों को खासा तंग किया है। भारतीय टीम इससे पहले एशिया कप के खिताब को 7 बार अपने नाम कर चुकी है। हरमनप्रीत एंड कंपनी की निगाहें रविवार को आठवीं बार इस ट्रॉफी को जीतने पर होंगी।
दूसरी ओर श्रीलंका ने सेमीफाइनल में पाकिस्तान को धूल चटाते हुए फाइनल का टिकट हासिल किया है। चमारी अटापट्टू की अगुवाई में टीम अपने खिताब का बचाव करने से एक कदम दूर है। अटापट्टू का प्रदर्शन बल्ले और गेंद दोनों से दमदार रहा है। वहीं, हर्षिता समरविक्रमा भी अच्छी लय में दिखाई दी हैं। गेंदबाजी में चमुदी प्रबोधा लगातार विकेट निकालने में सफल रही हैं।
दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम की पिच से स्पिन गेंदबाजों को टूर्नामेंट में काफी मदद मिली है। इसके साथ ही शुरुाआती ओवरों में तेज गेंदबाज भी छाप छोड़ने में सफल रही हैं। बल्लेबाजों को यहां रन बनाने के लिए संघर्ष करना पड़ा है। रविवार को दुबई में मौसम पूरी तरह से साफ रहने की उम्मीद है और बारिश होने की आशंका न के बराबर है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   12 Sept 2026 4:28 PM IST












