विमेंस इमर्जिंग नेशंस 'ब्राइस बहनों' के बीच अर्धशतकीय साझेदारी; स्कॉटलैंड ने जिम्बाब्वे को हराया, मगर नहीं मिला फाइनल का टिकट

विमेंस इमर्जिंग नेशंस ब्राइस बहनों के बीच अर्धशतकीय साझेदारी; स्कॉटलैंड ने जिम्बाब्वे को हराया, मगर नहीं मिला फाइनल का टिकट
स्कॉटलैंड ने कारवां क्रिकेट ग्राउंड में खेले गए आईसीसी विमेंस इमर्जिंग नेशंस ट्रॉफी 2026 के 'सुपर-6' मुकाबले में जिम्बाब्वे के विरुद्ध 74 रन से दमदार जीत दर्ज की। अर्धशतकीय पारी के बाद शानदार गेंदबाजी के लिए कप्तान कैथरीन ब्राइस को 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया। हालांकि, टीम फाइनल मैच में प्रवेश करने में नाकाम रही।

अजमान, 23 नवंबर (आईएएनएस)। स्कॉटलैंड ने कारवां क्रिकेट ग्राउंड में खेले गए आईसीसी विमेंस इमर्जिंग नेशंस ट्रॉफी 2026 के 'सुपर-6' मुकाबले में जिम्बाब्वे के विरुद्ध 74 रन से दमदार जीत दर्ज की। अर्धशतकीय पारी के बाद शानदार गेंदबाजी के लिए कप्तान कैथरीन ब्राइस को 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया। हालांकि, टीम फाइनल मैच में प्रवेश करने में नाकाम रही।

स्कॉटलैंड 5 में से 2 मुकाबले जीतकर 'सुपर-6' की प्वाइंट्स टेबल में तीसरे पायदान पर रही। वहीं, श्रीलंका ने सभी पांच मैच जीतकर शीर्ष पायदान हासिल किया, जबकि आयरलैंड 5 में से 3 मुकाबले अपने नाम करते हुए दूसरे स्थान पर रही।

अजमान में खेले गए इस मुकाबले में टॉस जीतकर बल्लेबाजी के लिए उतरी स्कॉटलैंड की टीम ने 20 ओवरों में 8 विकेट खोकर 146 रन बनाए। इस टीम ने महज 6 के स्कोर तक दोनों सलामी बल्लेबाजों के विकेट गंवा दिए थे, जिसके बाद कप्तान कैथरीन ब्राइस ने अपनी छोटी बहन सारा ब्राइस के साथ तीसरे विकेट के लिए 37 गेंदों में 50 रन की साझेदारी करते हुए टीम को संभाला।

सारा 22 गेंदों में 2 चौकों के साथ 25 रन बनाकर आउट हुईं, जिसके बाद कैथरीन ने एक छोर संभाला। उन्होंने पिप्पा स्प्राउल के साथ चौथे विकेट के लिए 30 रन, जबकि प्रियानाज चटर्जी के साथ पांचवें विकेट के लिए 25 रन जुटाकर टीम को शतक के पार पहुंचाया।

चटर्जी 9 रन बनाकर आउट हुईं। यहां से कैथरीन ने इसाबेला वॉटसन (9) के साथ छठे विकेट के लिए 18 गेंदों में 31 रन जोड़कर टीम को चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचा दिया। कैथरीन 48 गेंदों में 2 छक्कों और 6 चौकों की मदद से 69 रन बनाकर आउट हुईं।

विपक्षी खेमे से क्रिस्टीन मुतासा ने 26 रन देकर सर्वाधिक 4 विकेट हासिल किए, जबकि नोमवेलो सिबांडा, तेन्दई मकुशा और ऑड्रे माजविशाया को 1-1 विकेट हाथ लगा।

इसके जवाब में जिम्बाब्वे की टीम 16.2 ओवरों में महज 72 रन पर ढेर हो गई। इस टीम ने महज 2 के स्कोर पर केलिस न्धलोवु (0) का विकेट खो दिया था, जिसके बाद चिपो मुगेरी-तिरिपानो ने मोडेस्टर मुपाचिकवा (11) के साथ दूसरे विकेट के लिए 37 रन जोड़े। तिरिपानो 22 रन बनाकर पवेलियन लौटीं और फिर बाद में विकेटों के गिरने का सिलसिला शुरू हो गया। मुपाचिकवा और तिरिपानो के अलावा, किसी अन्य बल्लेबाज ने दहाई का आंकड़ा नहीं छुआ।

विपक्षी खेमे से किर्स्टी गॉर्डन ने महज 13 रन देकर 4 विकेट निकाले, जबकि कैथरीन ब्रायस ने 3 ओवरों में 16 रन देकर 2 विकेट चटकाए। इनके अलावा, अबताहा मकसूद ने 2 विकेट हासिल किए। एक विकेट कैथरीन फ्रेजर के हाथ लगा।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :  

Tags

Next Story