विमेंस टी20 इतिहास में सिर्फ तीसरी बार, भारत के खिलाफ बांग्लादेशी बल्लेबाजों के बीच अर्धशतकीय साझेदारी
मैनचेस्टर, 25 जून (आईएएनएस)। शोभना मोस्तरी और जुएरिया फिरदौस की जोड़ी ने भारत के खिलाफ विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 23वें मैच में 51 रन की साझेदारी की। यह टी20 क्रिकेट में भारतीय महिला टीम के खिलाफ बांग्लादेश की तरफ से तीसरी अर्धशतकीय साझेदारी रही।
साल 2018 में भारतीय टीम के खिलाफ फरगना हक और रुमाना अहमद की जोड़ी ने कुआलालंपुर में नाबाद 93 रन की साझेदारी की थी, जिसके बाद रितु मोनी और शोरिफा खातून की जोड़ी ने साल 2024 में सिलहट के मैदान पर विमेन इन ब्लू के खिलाफ 57 रन जुटाए थे।
गुरुवार को एमिरेट्स ओल्ड ट्रैफर्ड में शोभना मोस्तरी और जुएरिया फिरदौस की जोड़ी ने उस समय दूसरे विकेट के लिए 41 गेंदों में 51 रन जुटाए, जब बांग्लादेशी टीम दूसरे ओवर की अंतिम गेंद पर दिलारा अख्तर का विकेट गंवा चुकी थी। उस समय तक टीम के खाते में सिर्फ 8 रन ही जुड़ सके थे।
मैनचेस्टर में खेले जा रहे इस मुकाबले में टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी बांग्लादेशी टीम निर्धारित ओवरों में 8 विकेट खोकर सिर्फ 136 रन ही बना सकी। इस टीम को 8 रन पर दिलारा (4) के रूप में शुरुआती झटका लगा।
इसके बाद शोभना मोस्तरी और जुएरिया फिरदौस ने दूसरे विकेट के लिए 51 रन जोड़कर टीम को 59 के स्कोर तक पहुंचाया। फिरदौस 31 गेंदों में 5 चौकों के साथ 33 रन बनाकर आउट हुईं।
यहां से कप्तान निगार सुल्ताना ने शोभना मोस्तरी के साथ तीसरे विकेट के लिए 20 रन, जबकि शर्मिन अख्तर (10) के साथ चौथे विकेट के लिए 27 रन जोड़े। टीम को 106 के स्कोर पर चौथा झटका लगा, जिसके बाद टीम निरंतर अंतराल पर विकेट गंवाती रही। निगार 27 गेंदों में 4 चौकों के साथ 32 रन बनाकर पवेलियन लौटीं।
भारत की तरफ से राधा यादव ने 28 रन देकर 3 विकेट हासिल किए, जबकि श्री चरणी को 2 विकेट हाथ लगे। रेणुका ठाकुर और नंदिनी शर्मा ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   25 Jun 2026 8:53 PM IST












