डब्ल्यूटीसी प्वाइंट्स टेबल वेस्टइंडीज की जीत से भारत को पहुंचा फायदा, बांग्लादेश का हुआ नुकसान

डब्ल्यूटीसी प्वाइंट्स टेबल वेस्टइंडीज की जीत से भारत को पहुंचा फायदा, बांग्लादेश का हुआ नुकसान
वेस्टइंडीज ने ढाका के शेर-ए-बांग्ला क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए पहले टेस्ट मैच में बांग्लादेश को 8 विकेट से हराया। वेस्टइंडीज की जीत से टीम इंडिया को वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) की प्वाइंट्स टेबल में फायदा पहुंचा है।

नई दिल्ली, 31 अक्टूबर (आईएएनएस)। वेस्टइंडीज ने ढाका के शेर-ए-बांग्ला क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए पहले टेस्ट मैच में बांग्लादेश को 8 विकेट से हराया। वेस्टइंडीज की जीत से टीम इंडिया को वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) की प्वाइंट्स टेबल में फायदा पहुंचा है।

पहले टेस्ट में हार के साथ ही बांग्लादेश अब डब्ल्यूटीसी की प्वाइंट्स टेबल में पांचवें नंबर पर खिसक गया है। टीम को एक पायदान का नुकसान झेलना पड़ा है। वहीं, बांग्लादेश की हार के बाद भारतीय टीम एक स्थान ऊपर चढ़कर पांचवें से चौथे नंबर पर आ गया है। भारत का जीत प्रतिशत 51.52 है। बांग्लादेश का जीत प्रतिशत अब 47.62 हो गया है। वहीं, जीत के बावजूद वेस्टइंडीज आठवें पायदान पर बना हुआ है।

कैरेबियाई टीम का जीत प्रतिशत 26.92 हो गया है। ऑस्ट्रेलिया की डब्ल्यूटीसी की प्वाइंट्स टेबल में बादशाहत बरकरार है। कंगारू टीम का जीत प्रतिशत 75 है जबकि न्यूजीलैंड 72.22 के जीत प्रतिशत के साथ टेबल में दूसरे स्थान पर काबिज है। साउथ अफ्रीका 66.67 के जीत प्रतिशत के साथ तीसरे नंबर पर मौजूद है।

पहले टेस्ट मैच में वेस्टइंडीज ने बांग्लादेश से मिले 170 रनों के लक्ष्य को आसानी से 2 विकेट खोकर हासिल किया। टीम की ओर से ब्रैंडन किंग ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 115 गेंदों में 81 रनों की नाबाद पारी खेली जबकि जॉन कैंपबेल ने 49 रनों का योगदान दिया। वहीं, केवम हॉज 31 रन बनाकर नाबाद रहे। इससे पहले, दूसरी पारी में बांग्लादेश की पूरी टीम महज 142 रन बनाकर ऑलआउट हुई। टीम की ओर से सर्वाधिक 52 रन नईम हसन ने बनाए।

वहीं, वेस्टइंडीज की तरफ से गेंदबाजी में रोस्टन चेज ने दूसरी पारी में 5 विकेट झटके जबकि जोमेल वार्रिकान ने पहली इनिंग में 5 विकेट लेने के बाद दूसरी पारी में 4 विकेट चटकाए। इससे पहले, पहली इनिंग में बांग्लादेश की टीम 272 रन बनाकर ऑलआउट हुई थी, जिसके जवाब में वेस्टइंडीज ने 245 रन बनाए थे। पहली पारी के आधार पर बांग्लादेश को 27 रनों की बढ़त मिली थी।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :  

Tags

Next Story