यातायात नियम तोड़ने वालों पर सख्ती, तीन दिन में 22 हजार से अधिक वाहनों पर कार्रवाई
गौतमबुद्ध नगर, 19 मई (आईएएनएस)। गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाते हुए तीन दिनों में 22 हजार से अधिक वाहनों पर कार्रवाई की है।
पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन और अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) डॉ. राजीव नारायण मिश्र के पर्यवेक्षण में 15 मई से 17 मई तक जिलेभर में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान प्रेशर हॉर्न, बिना नंबर प्लेट, दोषपूर्ण नंबर प्लेट, काले शीशे, स्टंटबाजी और ओवरस्पीडिंग करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई की गई।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क सुरक्षा को मजबूत करना, यातायात व्यवस्था को अनुशासित बनाना और आमजन को सुरक्षित यातायात उपलब्ध कराना था। विशेष रूप से ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए डेसिबल मीटर का इस्तेमाल किया गया, जिससे प्रेशर हॉर्न और अवैध ध्वनि यंत्रों की वैज्ञानिक तरीके से जांच कर कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
इसके अलावा, ओवरस्पीडिंग और स्टंटबाजी जैसी खतरनाक गतिविधियों पर भी विशेष निगरानी रखी गई। नोएडा जोन में 70 स्थानों पर 12,882 वाहनों की जांच की गई। इस दौरान 80 प्रेशर हॉर्न, 205 बिना नंबर प्लेट या दोषपूर्ण नंबर प्लेट वाले वाहन, 105 काले शीशे वाले वाहन, तीन स्टंटबाजी करने वाले वाहन और 121 ओवरस्पीड वाहनों समेत कुल 3,481 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई। साथ ही चार अभियोग दर्ज कर 14 वाहनों को सीज किया गया।
वहीं, सेंट्रल नोएडा जोन में 73 स्थानों पर 5,379 वाहनों की जांच हुई। यहां 1,617 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई, जिनमें 55 प्रेशर हॉर्न, 156 बिना नंबर प्लेट वाले वाहन, 51 काले शीशे वाले वाहन, 30 स्टंटबाजी करने वाले वाहन और 170 ओवरस्पीड वाहन शामिल रहे। इस दौरान एक अभियोग दर्ज किया गया, पांच वाहन सीज किए गए तथा एक लावारिस वाहन को दाखिल किया गया।
ग्रेटर नोएडा जोन में 91 स्थानों पर 7,277 वाहनों की जांच के दौरान 1,414 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इनमें 68 प्रेशर हॉर्न, 204 बिना नंबर प्लेट वाले वाहन, 85 काले शीशे वाले वाहन, 14 स्टंटबाजी और 259 ओवरस्पीड वाहन शामिल रहे।
इसके अतिरिक्त यातायात पुलिस ने अलग से 39 स्थानों पर 46,614 वाहनों की जांच की। इस दौरान 15,785 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 463 प्रेशर हॉर्न, 781 बिना नंबर प्लेट, 511 काले शीशे, 31 स्टंटबाजी और 1,676 ओवरस्पीड वाहनों पर चालान किया गया।
पूरे अभियान के दौरान जिलेभर में कुल 273 स्थानों पर 72,152 वाहनों की चेकिंग की गई। पुलिस ने कुल 22,297 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पांच अभियोग दर्ज किए, 19 वाहन सीज किए तथा एक लावारिस वाहन को कब्जे में लिया।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   19 May 2026 10:39 PM IST












