योगी सरकार ने पिछड़ा वर्ग आयोग गठन को दी मंजूरी, पंकज चौधरी बोले- मजबूत हो रही है वंचित समाज की राजनीतिक भागीदारी
लखनऊ, 18 मई (आईएएनएस)। पंचायत चुनावों से पहले उत्तर प्रदेश की राजनीति में पिछड़ा वर्ग आरक्षण को लेकर बड़ा संदेश देते हुए योगी सरकार ने समर्पित पिछड़ा वर्ग आयोग के गठन को मंजूरी दे दी है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने इसे सामाजिक न्याय की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताते हुए कहा कि डबल इंजन सरकार ने फिर साबित किया है कि उसके लिए सामाजिक न्याय केवल चुनावी नारा नहीं, बल्कि संवैधानिक और संस्थागत व्यवस्था के जरिए लागू की जाने वाली प्रतिबद्धता है।
उन्होंने कहा कि पंचायतों में ओबीसी आरक्षण को कानूनी और संवैधानिक रूप से मजबूत आधार देने के उद्देश्य से गठित किया जा रहा यह आयोग ग्रामीण निकायों में पिछड़े वर्गों की सामाजिक और राजनीतिक हिस्सेदारी का विस्तृत अध्ययन करेगा। आयोग के जरिए आरक्षण का निर्धारण सही आंकड़ों, पारदर्शी प्रक्रिया और संवैधानिक मानकों के अनुरूप किया जाएगा, जिससे पिछड़े वर्गों की लोकतांत्रिक भागीदारी और प्रतिनिधित्व को मजबूती मिलेगी।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री मुख्यमंत्री के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार लगातार ऐसे फैसले ले रही है, जिनसे गांव, गरीब, पिछड़े और वंचित समाज की राजनीतिक भागीदारी मजबूत हो रही है।
भाजपा का मानना है कि सामाजिक न्याय केवल नारों से नहीं, बल्कि मजबूत संस्थागत ढांचे, पारदर्शी नीति और वास्तविक प्रतिनिधित्व से सुनिश्चित होता है। चौधरी ने कहा कि केंद्र सरकार ने भी पिछड़े वर्गों के सामाजिक और आर्थिक सशक्तीकरण के लिए कई अहम फैसले लिए हैं।
राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा देने से लेकर आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, हर घर जल, स्वनिधि योजना और विश्वकर्मा योजना जैसी योजनाओं के जरिए करोड़ों लोगों तक सीधा लाभ पहुंचाया गया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने सामाजिक न्याय को वोट बैंक की राजनीति से निकालकर विकास और सम्मान से जोड़ने का काम किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आयोग में ऐसे विशेषज्ञों को शामिल किया जाएगा, जिन्हें पिछड़े वर्गों से जुड़े विषयों की गहरी समझ हो। आयोग की अध्यक्षता उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीश करेंगे, जिससे पूरी प्रक्रिया की पारदर्शिता और विश्वसनीयता और मजबूत होगी। इसके साथ ही पंचायत चुनावों में आरक्षण को लेकर भविष्य में विवाद और भ्रम की संभावनाएं भी कम होंगी।
इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने सपा पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी ने वर्षों तक पिछड़ों और दलितों के नाम पर केवल वोट बैंक की राजनीति की। चुनाव के समय पीडीए की बात करने वाली सपा ने सत्ता में रहते हुए सामाजिक न्याय के लिए कभी कोई ठोस और पारदर्शी व्यवस्था विकसित नहीं की।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि सपा की राजनीति परिवारवाद और तुष्टिकरण तक सीमित रही, जबकि भाजपा वास्तविक प्रतिनिधित्व, समान अवसर और भागीदारी की राजनीति करती है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मंत्र पर काम कर रही है और समर्पित पिछड़ा वर्ग आयोग का गठन उसी संकल्प का मजबूत उदाहरण है।
-- आईएएनएस
विकेटी/वीसी
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   18 May 2026 9:04 PM IST












