यूथ टेस्ट मैच ईशान-यशबर्धन ने मिलकर चटाए 10 विकेट, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत ने पारी के अंतर से जीता मुकाबला

यूथ टेस्ट मैच ईशान-यशबर्धन ने मिलकर चटाए 10 विकेट, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत ने पारी के अंतर से जीता मुकाबला
भारत की अंडर-19 टीम ने ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 के खिलाफ अनाधिकारिक टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबले पहला अपने नाम कर लिया है। निरंजन शाह स्टेडिमय में खेले गए मैच के तीसरे दिन मेजबान टीम ने पारी और 48 रन से जीत हासिल करते हुए सीरीज में 1-0 से बढ़त बना ली। सीरीज का अंतिम मैच 5 अक्टूबर से अहमदाबाद में आयोजित होगा।

राजकोट, 29 सितंबर (आईएएनएस)। भारत की अंडर-19 टीम ने ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 के खिलाफ अनाधिकारिक टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबले पहला अपने नाम कर लिया है। निरंजन शाह स्टेडिमय में खेले गए मैच के तीसरे दिन मेजबान टीम ने पारी और 48 रन से जीत हासिल करते हुए सीरीज में 1-0 से बढ़त बना ली। सीरीज का अंतिम मैच 5 अक्टूबर से अहमदाबाद में आयोजित होगा।

टॉस जीतकर बल्लेबाजी के लिए उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम ने पहली पारी में 217 रन बनाए। इस टीम ने 27 के स्कोर तक 3 विकेट गंवा दिए थे, जिसके बाद ब्लेक केटल ने जेड हॉलिक के साथ चौथे विकेट के लिए 147 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 174 के स्कोर तक पहुंचाया।

हॉलिक 59 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद विकेटों का पतझड़ लग गया। इस बीच ब्लेक ने 14 चौकों के साथ 102 रन की पारी खेली। इनके अलावा, एली ब्रेन ने टीम के खाते में नाबाद 25 रन जुटाए। भारत के लिए ईशान ओम ने 53 रन देकर 5 विकेट चटकाए, जबकि मोहित उल्वा ने 3 विकेट हासिल किए। इनके अलावा, यशबर्धन चौहान को 2 विकेट हाथ लगे।

इसके जवाब में भारतीय टीम ने अपनी पहली पारी में 494 रन बनाकर 277 रन की बढ़त हासिल कर ली। मेजबान टीम ने 46 के स्कोर तक 2 विकेट गंवा दिए थे, जिसके बाद लक्ष्य रायचंदानी ने मोर्चा संभाला। उन्होंने कप्तान यशबर्धन चौहान के साथ तीसरे विकेट के लिए 129 रन जोड़कर टीम को 170 के स्कोर तक पहुंचाया।

यशबर्धन 54 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद लक्ष्य ने मानव कृष्णा (25) के साथ 45 रन, जबकि अयान अकरम (26) के साथ 51 रन जोड़कर टीम को 269 के स्कोर तक पहुंचा दिया। इसके बाद लक्ष्य ने मोहित उल्वा (92) के साथ नौवें विकेट के लिए 180 रन जुटाकर टीम को विशाल स्कोर तक पहुंचा दिया।

विपक्षी खेमे से कीसी बार्टन ने सर्वाधिक 3 विकेट हासिल किए, जबकि थियो त्सिंगोस, स्पेंसर ग्रीन और कॉनर ग्रेगरी ने 2-2 विकेट चटकाए।

दबाव ऑस्ट्रेलियाई टीम पर नजर आने लगा था। इस टीम ने 11वें ओवर में हेडन बारबुलोविक (7), कप्तान मैथ्यू लॉफ (1) और जेड हॉलिक (0) के विकेट गंवा दिए थे। उस समय तक स्कोर सिर्फ 17 रन था।

इसके बाद नील पटेल (41) ने ब्लेक कैटल के साथ चौथे विकेट के लिए 62 रन की साझेदारी करते हुए टीम को संभालने की कोशिश की, लेकिन इस जोड़ी के टूटने के बाद एक बार फिर विकेटों का पतझड़ लग गया।

आलम ये रहा कि 117 के स्कोर तक 7 विकेट गिर चुके थे, जिसके बाद ब्लेक ने कॉनर ग्रेगरी के साथ आठवें विकेट के लिए 101 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 200 के पार पहुंचा दिया। ब्लेक 114 गेंदों में 4 छक्कों और 16 चौकों के साथ 123 रन बनाकर आउट हुए, जबकि ग्रेगरी ने 36 रन टीम के खाते में जोड़े और मेहमान खेमा दूसरी पारी में 229 रन पर ढेर हो गया। भारतीय खेमे से ईशान ओम ने 4 विकेट हासिल किए, जबकि यशबर्धन ने 75 रन देकर 6 विकेट झटके।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   29 Sept 2026 5:52 PM IST

Tags

Next Story