यूथ टेस्ट, पहला दिन भारत अंडर-19 के खिलाफ सेनुजा का दोहरा शतक, श्रीलंकाई टीम ने 4 विकेट खोकर 344 रन बनाए
गॉल, 13 जुलाई (आईएएनएस)। श्रीलंका अंडर-19 ने भारत अंडर-19 के खिलाफ गॉल इंटरनेशनल स्टेडियम में जारी चार दिवसीय अनाधिकारिक टेस्ट मैच के शुरुआती दिन शानदार बल्लेबाजी की। मेजबान टीम ने दिन की समाप्ति तक 89 ओवरों का सामना करते हुए 4 विकेट खोकर 344 रन बना लिए हैं। इस बीच सेनुजा वेकुनागोडा नाबाद दोहरा शतक जड़ चुके हैं।
सोमवार को टॉस जीतकर श्रीलंकाई कप्तान विमथ दिनसारा ने पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया, लेकिन टीम के लिए शुरुआत बेहद खराब रही।
मेजबान टीम ने चौथी गेंद पर दुलनिथ सिगेरा (0) का विकेट खो दिया था। तीसरे ओवर की तीसरी गेंद पर दिमंथा महाविथाना (2) भी पवेलियन लौट गए। श्रीलंकाई टीम ने सिर्फ 3 रन तक दोनों सलामी बल्लेबाजों के विकेट गंवा दिए थे। यहां से कप्तान दिनसारा ने मोर्चा संभाला। उन्होंने सेनूजा वेकुनागोडा के साथ तीसरे विकेट के लिए 171 गेंदों में 143 रन जुटाए।
दिनसारा 99 गेंदों में 9 चौकों के साथ 52 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जिसके बाद वेकुनागोडा ने कविजा गमागे के साथ चौथे विकेट के लिए 128 रन जुटाकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचा दिया। कविजा 49 रन बनाकर आउट हुए। उनकी इस पारी में 9 चौके शामिल रहे।
इसके बाद वेकुनागोडा ने चमिका हीनतिगाला के साथ पांचवें विकेट के लिए 70 रन की अटूट साझेदारी करते हुए टीम को पहले दिन की समाप्ति तक 344/4 के स्कोर तक पहुंचाया।
भारतीय खेमे से काव्य पटेल 54 रन देकर 2 विकेट हासिल कर चुके हैं, जबकि प्रणव राघवेंद्र और कप्तान यशवर्धन चौहान ने 1-1 विकेट अपने नाम किया है।
यशवर्धन चौहान की कप्तानी में भारतीय टीम लक्ष्य राजेश रायचंदानी, सागर विर्क, कुशाग्र ओझा, मानव कृष्ण (विकेटकीपर), कुश पटेल, बीके किशोर, जेगनाथन हेमचुदेशन, काव्य पटेल, प्रणव राघवेंद्र और प्रियांशु सिंह के साथ यह मैच खेल रही है।
वहीं, श्रीलंका अंडर-19 की प्लेइंग इलेवन में दिमंथा महाविथान, डुलनिथ सिगेरा, सेनुजा वेकुनागोडा, विमथ दिनसारा (कप्तान), कविजा गमागे, चमिका हीनतिगाला, जेसन फर्नांडो (विकेटकीपर), रामिरू परेरा, दिमथ अबेसिंघे, ओशादा मनहारा और लथेंद्र आकाश शामिल हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   13 July 2026 6:24 PM IST












