यूट्यूबर सलीम वास्तिक गिरफ्तार, 25 सालों तक हत्या केस में देता रहा पुलिस को चकमा
नई दिल्ली, 25 अप्रैल (आईएएनएस)। गाजियाबाद के यूट्यूबर सलीम वास्तिक को दिल्ली पुलिस ने 31 साल पुराने हत्या और अपहरण के केस में गिरफ्तार किया है। दिल्ली पुलिस ने गाजियाबाद से ही सलीम वास्तिव को गिरफ्तार किया, जहां वह पहचान छिपाकर रह रहा था। पुलिस उसे थाना में ले जाकर पूछताछ कर रही है।
अधिकारियों ने बताया कि सलीम वास्तिक की मर्डर और अपहरण के केस में पुलिस को तलाश थी। दिल्ली की कोर्ट से उसे सजा भी हुई थी, लेकिन वह 25 साल से फरार चल रहा था। दिल्ली और उत्तर प्रदेश पुलिस उसे पहचान नहीं सकी। आखिरकार उसे गाजियाबाद से शनिवार की सुबह गिरफ्तार किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली के गोकलपुरी थाने में सलीम खान के खिलाफ अपहरण, रंगदारी, हत्या का केस दर्ज है। सलीम वास्तिक का असली नाम सलीम खान पुत्र नूरहसन है। वह मूल रूप से शामली के नानूपुरा का रहने वाला है। 20 जनवरी 1995 को सलीम ने दिल्ली के 13 साल के संदीप बंसल का अपहरण किया था। उसके बाद रंगदारी मांगी और फिर हत्या कर दी। जहां पुलिस ने गोकलपुरी थाना में केस दर्ज किया था।
13 साल के बच्चे की हत्या बहुत ही चर्चित थी। उस समय दिल्ली पुलिस ने सलीम को गिरफ्तार करके जेल भेजा था। साल 1997 में उसे आजीवन की सजा हुई। हालांकि, तीन साल बाद 2000 में उसे जमानत दे दी गई। जेल से रिहा होते ही वह फरार हो गया। 25 सालों में वह शामली, मुजफ्फरनगर, मेरठ और गाजियाबाद में छिपकर रहता रहा।
पिछले दिनों सलीम चर्चा में तब आया, जब दो महीने पहले 27 फरवरी की सुबह दो भाइयों ने मिलकर उसको उसके घर में 14 चाकू मारे थे। एक महीने तक चले इलाज के बाद सलीम की हालत में सुधार हुआ। उस पर हमले के आरोपी दोनों भाई एनकाउंटर में मारे जा चुके हैं।
इस्लाम धर्म छोड़ चुके यूट्यूबर सलीम वास्तिक पर दिनदहाड़े ऑफिस में घुसकर बिना नंबर प्लेट की बाइक से आए नकाबपोश हमलावरों ने सलीम पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए थे। उसका गला रेतने की कोशिश की थी। चीखने पर हमलावर उसे अधमरा छोड़कर फरार हो गए थे।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   25 April 2026 12:52 PM IST












