जीनत अमान का पहला प्रोफेशनल फोटोशूट, जिसके कई सालों बाद बनी देव आनंद साहब के साथ हिट जोड़ी

जीनत अमान का पहला प्रोफेशनल फोटोशूट, जिसके कई सालों बाद बनी देव आनंद साहब के साथ हिट जोड़ी
70 से 80 के दशक में जीनत अमान ने ऐसी फिल्मों का चुनाव किया, जिसमें उनके किरदार बेहद बोल्ड रहे।

मुंबई, 6 अप्रैल (आईएएनएस)। 70 से 80 के दशक में जीनत अमान ने ऐसी फिल्मों का चुनाव किया, जिसमें उनके किरदार बेहद बोल्ड रहे।

वे हिंदी सिनेमा में बेबाक, स्टाइलिश और मजबूत अभिनेत्री के तौर पर जानी जाती हैं, लेकिन हिंदी सिनेमा में आने से पहले वे बिल्कुल मासूम और सीधी-साधी थीं। अभिनेत्री ने पहली बार अपने मॉडलिंग के शुरुआती दिनों को याद किया, जब उनकी मां ने खुद उनको संवारते हुए पहला प्रोफेशनल शूट कराया था। इसी फोटोशूट के जरिए कई सालों बाद देव आनंद ने उन्हें फिल्म के लिए कास्ट किया था।

जीनत अमान ने मॉडलिंग और अपनी मां के बिताए दिनों को याद किया है। अभिनेत्री के मुताबिक उनके लिए प्रोफेशनल शूट कराने के दो ही मकसद थे, पहला फिल्मों में कदम रखना और दूसरा अगर फिल्मों में नहीं गई, तो मॉडलिंग के जरिए पॉकेट मनी कमाना। उन्होंने यह भी साफ किया कि भारत के सबसे पुराने फोटोग्राफी स्टूडियो हैमिल्टन में फोटो खिंचवाना उस समय के दौर की हर लड़की का सपना हुआ करता था, क्योंकि उसी जगह पर कई दिग्गज हस्तियों ने अपने फोटोशूट कराए थे।

अपनी मॉडलिंग के दिनों की प्यारी फोटो शेयर कर अभिनेत्री ने लिखा, "मेरी मां मुझे बैलेर्ड एस्टेट स्थित प्रतिष्ठित हैमिल्टन स्टूडियो ले जा रही थीं, जहां मेरी पहली पेशेवर तस्वीरें खींची जानी थीं। हमारे पड़ोस में जाने-माने निर्माता रहते थे, गली के उस पार फिल्म सितारे रहते थे, और मेरे कई बड़े दोस्त मनोरंजन जगत में कदम रख रहे थे। पार्टियाँ और बातचीत फिल्मों के इर्द-गिर्द घूमती रहती थीं, और इस माहौल ने मुझे भी इस क्षेत्र में कदम रखने के लिए प्रेरित किया।"

उन्होंने आगे लिखा, "1928 में स्थापित, हैमिल्टन स्टूडियो भारत के सबसे पुराने फोटोग्राफी स्टूडियो में से एक है, जहां इतिहास की कुछ सबसे उल्लेखनीय हस्तियों के चित्र खींचे गए हैं। उस दिन मां ने मेरे बाल संवारे, मुझे साड़ी पहनाई और कैमरे के पीछे खड़ी रहीं, जब मैंने पहली बार शर्माते हुए पोज़ दिया। इस तस्वीर के कई साल बाद देव आनंद ने मुझे खोजा।

बता दें कि देव आनंद और जीनत अमान ने साथ में 'हरे रामा हरे कृष्णा' नाम की आइकॉनिक हिट फिल्म में काम किया था, जिसके बाद दोनों ने हीरा-पन्ना, 'इश्क इश्क इश्क' और 'प्रेम शास्त्र' जैसी हिट फिल्मों में साथ में काम किया था।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   6 April 2026 9:29 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story