Rajasthan Politics: बालमुकुंद आचार्य के लाउडस्पीकर वाले बयान पर मचा बवाल, हमेशा नफरती बोल... कांग्रेस और AIMIM पार्टी के विधायकों लिया आड़े हाथों

डिजिटल डेस्क, जयपुर। राजस्थान में बीजेपी पार्टी के विधायक बालमुकुंद आचार्य ने रमजान महीने में मस्जिदों में बजने वाले लाउडस्पीर पर बयान दिया था। वे अपने बयानों के चलते एक बार फिर से विवादों में आ गए हैं। उन्होंने कहा था कि ध्वनि प्रदूषण (Noise Pollution)से बच्चों और लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उनके इस बयान से राज्य का माहौल गर्म हो गया है। इसी बीच ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) सहित कई विपक्षी पार्टियां और मुस्लिम धर्मगुरु उन पर तीखा हमला बोल रहे हैं।
कांग्रेस पार्टी के विधायक ने भाजपा विधायक की कड़ी निंदा
कांग्रेस पार्टी के विधायक घनश्याम महर ने भाजपा विधायक बालमुकुंद आचार्य को आड़े हाथों लिया है। उन्होंने कहा, "बीजेपी विधायक खुद ही एक लाउडस्पीकर हैं, जो हमेशा नफरती बोल बोलते रहते हैं। इन्हें दूसरों से क्या परेशानी होगी, ये तो खुद सड़क से लेकर विधानसभा सदन तक लोगों के लिए परेशानी का सबब बने हुए हैं।" घनश्याम ने कहा कि वे भाजपा की ही भाषा बोल रहे हैं, यही वजह है कि पार्टी उनके विरुध कोई कार्रवाई नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि राजस्थान विधानसभा में कई विधायक ऐसे भी हैं जो पूरी जिम्मेदारी के साथ अपना काम करते हैं। लेकिन कुछ विधायक ऐसे भी हैं जो इधर उधर की गलत बयानी भी करते हैं।
AIMIM पार्टी के नेता ने इस विवाद पर क्या कहा
AIMIM पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता मोहम्मद आरिफ ने बीजेपी विधायक की सोच पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा बालमुकुंद सिर्फ पत्रकारों के बीच फेमस होने के लिए जानबूझकर गलत बयानी करते हैं। मोहम्मद आरिफ ने कहा, "विधायक समाज को बांटने का काम कर रहे हैं, जबकि देश का संविधान सभी नागरिकों को धार्मिक स्वतंत्रता का अधिकार देता है। आचार्य संविधान के खिलाफ बोल रहे हैं और उनके ऐसे नफरती बयानों पर तत्काल प्रभाव से अंकुश लगना चाहिए।"
Created On :   20 Feb 2026 1:40 AM IST












