PM Modi Bihar Visit: बिहार विधानसभा चुनाव से पहले पीएम नरेंद्र मोदी का बड़ा तोहफा, बेगूसराय में किया 6 लेन ब्रिज का उद्घाटन

- एक दिवसीय दौरे पर बिहार पहुंचे पीएम मोदी
- गयाजी में किया 13 हजार करोड़ की परियोजनाओं का उद्घाटन
- बेगूसराय में गमछा हवा में लहराकर किया लोगों का अभिवादन
डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार विधानसभा चुनाव में अब कुछ ही दिनों का समय बाकी है। इस सियासी रण को जीतने के लिए सभी दलों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्य के बेगूसराय में गंगा नदी पर बने 6 लेन औंटा-सिमरिया ब्रिज का उद्घाटन किया। इसके बाद वे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ पुल पर घूमे भी। उद्धाटन के बाद पीएम मोदी ने अपने गले से गमछा निकाला और हाथ से घुमाकर लोगों का अभिवादन किया।
इस दौरान पीएम के साथ केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह और डिप्टी CM सम्राट चौधरी भी मौजूद रहे। ब्रिज के नीचे बने घाट पर पीएम के स्वागत में सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए। प्रधानमंत्री को देखने के लिए इस दौरान भारी संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ी। प्रधानमंत्री करीब 37 मिनट तक ब्रिज पर रुके।
इससे पहले पीएम मोदी गयाजी पहुंचे, जहां उन्होंने 13 हजार करोड़ की योजनाओं का उद्घाटन किया। इस दौरान अपने संबोधन में पीएम ने कांग्रेस और आरजेडी पर जमकर निशाना साधा। इसके साथ ही एनडीए सरकार की उपलब्धि गिनाईं। प्रधानमंत्री ने कहा, 'हम घुसपैठियों को देश से निकालकर रहेंगे। इन्हें आपके हक पर डाका नहीं डालने देंगे। कांग्रेस-RJD घुसपैठियों के साथ खड़े हैं।'
उन्होंने आगे कहा, 'पहले जेल में बैठकर लोग फाइलों पर साइन करते थे। हम ऐसा बिल लेकर आए हैं, जिसके दायरे में PM भी है। गिरफ्तारी होते ही पद जाएगा।' पीएम ने कहा, 'पहले बिहार में शाम को कहीं आना-जाना मुश्किल था। गयाजी जैसे शहर लालटेन राज में अंधेरे में डूबे रहते थे। न शिक्षा थी, न रोजगार था। बिहार की कितनी पीढ़ियों को इन लोगों ने पलायन के लिए मजबूर किया।'
Created On :   22 Aug 2025 5:52 PM IST