Bihar Weather News: आंधी-पानी और आसमानी बिजली ने मचाई तबाही, 7 लोगों की हो गई मौत, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार में शुक्रवार (8 मई 2026) को आंधी, बारिश और आसमानी बिजली ने मिलकर ऐसी तबाही मचाई कि मातम पसर गया। तेज तूफानी हवाओं और वज्रपात से राज्य में 7 मासूम की मौत हो गई है। इस घटना पर बिहार के सीएम सम्राट चौधरी ने दुख जताया है। इसके साथ ही उन्होंने मृतकों के परिवार जनों को 4-4 लाख रुपया अनुग्रह अनुदान राशि देने का ऐलान किया हैं। मौसम विभाग ने बिहार के कई जिलों में आगामी 48 से 72 घंटों के लिए अलर्ट जारी किया है, और लोगों से सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की गई।
वज्रपात से भोजपुर में 1, पटना में 1, समस्तीपुर में 1 और पूर्वी चंपारण में 1 व्यक्ति की मौत हुई है। वहीं आंधी-तूफान/तेज वर्षा से पेड़ गिरने के कारण दबकर पटना में 2 और वैशाली में 1 व्यक्ति की जान चली गई। सीएम ने कहा कि आपदा की इस घड़ी में वे प्रभावित परिवारों के साथ हैं। सीएम ने अपील की है कि सभी लोग खराब मौसम में बाहर न निकलें। खराब मौसम में घर से बाहर न निकले और आपदा प्रबंधन विभाग एनडीएमए (National Disaster Management Authority) द्वारा समय-समय पर जारी किए गए सुझावों का पालन करें।
राहत भी, आफत भी
बिहार में फिलहाल मौसम राहत और आफत दोनों एक साथ आई है। एक तरफ लोगों को भीषण गर्मी और लू से राहत मिली है, तो दूसरी तरफ आंधी, तेज बारिश और ठनका का खतरा डर बढ़ा रहा है।
मौसम विभाग ने साफ कहा है कि अगले तीन दिन राज्य के कई जिलों के लिए चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं। ऐसे में लोगों को सतर्क और सावधान रहने की जरूरत है। पटना नगर निगम ने लोगों से अपील की है कि यदि उनके इलाके में कहीं भी पेड़ गिरने, जलजमाव, होर्डिंग्स टूटने अथवा अन्य कोई आपात जैसी स्थिति हो तो जानकारी दें। निगम टोल फ्री नंबर- 155304 एवं मोबाइल नंबर- 9264291339 पर संपर्क कर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। निगम प्रशासन द्वारा प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
Created On :   8 May 2026 9:21 PM IST












