वार पलटवार: भाजपा सांसद जगदंबिका पाल का कांग्रेस पर हमला, कहा - विपक्ष के पास जनता से जुड़े मुद्दे नहीं

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भाजपा सांसद जगदंबिका पाल ने कांग्रेस और विपक्ष पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास अब जनता से जुड़े ठोस मुद्दे नहीं हैं। यही वजह है कि विपक्ष अलग-अलग मुद्दों को उठाकर चर्चा में बने रहने की कोशिश कर रहा है।
मुंबई में समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत के दौरान पाल ने कांग्रेस नेता राशिद अल्वी की फिल्म 'हनुमान अंश' को लेकर की गई टिप्पणी, महाराष्ट्र में एसआईआर को लेकर राहुल गांधी के आरोप और उत्तराखंड वक्फ बोर्ड के प्रस्तावित निकाहनामे जैसे मुद्दों पर कांग्रेस को घेरा।
यह भी पढ़े -राहुल गांधी बनाम विजय की चर्चा के बीच कांग्रेस ने किया साफ, कौन होगा INDIA गठबंधन का चेहरा?
संसद न चलने को लेकर कांग्रेस पर निशाना
जगदंबिका पाल ने कहा कि महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण और परिसीमन जैसे विषयों पर चर्चा के दौरान विपक्ष ने संसद की कार्यवाही में बाधा डाली। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष के विरोध के कारण मानसून सत्र का काफी समय बर्बाद हुआ।
भाजपा सांसद ने कहा कि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सदन की कार्यवाही सुचारू रूप से चलाने की कोशिश की और विपक्षी नेताओं को अपनी बात रखने का मौका भी दिया, लेकिन इसके बावजूद संसद की कार्यवाही आगे नहीं बढ़ सकी।
SIR पर राहुल गांधी के आरोपों का दिया जवाब
राहुल गांधी के एसआईआर को लेकर लगाए गए आरोपों पर पाल ने कहा कि मतदाता सूची का संशोधन चुनाव प्रक्रिया का सामान्य हिस्सा है। उन्होंने बताया कि चुनाव आयोग समय-समय पर मतदाता सूची की समीक्षा करता है। मृत्यु होने या किसी व्यक्ति के दूसरी जगह स्थानांतरित होने जैसी स्थिति में रिकॉर्ड में बदलाव किया जाता है।
उन्होंने विपक्ष पर आरोप लगाया कि उसके उठाए सवाल आम लोगों की समस्याओं से जुड़े नहीं हैं। पाल के मुताबिक, इसी वजह से जनता ने विपक्ष को खारिज किया है। उन्होंने कहा कि विपक्ष अलग-अलग जगहों पर प्रदर्शन करके केवल मीडिया का ध्यान खींचने की कोशिश करता है।
राहुल गांधी पर भी साधा निशाना
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शिक्षक दिवस कार्यक्रम का जिक्र करते हुए भाजपा सांसद ने कहा कि पीएम मोदी ने छात्रों से उनके भविष्य और रोजगार को लेकर चर्चा की। उन्होंने कहा कि नई शिक्षा नीति युवाओं को नए अवसर देने में मदद कर सकती है। पाल ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ऐसे मुद्दों को लेकर लोगों को भ्रमित करने की कोशिश कर रहे हैं।
यह भी पढ़े -जब हार्ट ने दे दिया जवाब और प्रत्यारोपण ही बची आखिरी उम्मीद, तब गुजरात के मंत्री बने सहारा
वक्फ कानून को लेकर क्या बोले?
वक्फ कानून पर भाजपा सांसद ने कहा कि कानून बनाने से पहले संयुक्त संसदीय समिति में अलग-अलग राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से चर्चा की गई थी। उन्होंने दावा किया कि नए कानून से वक्फ संपत्तियों की सुरक्षा बेहतर होगी।
राशिद अल्वी की टिप्पणी पर कांग्रेस को घेरा
कांग्रेस नेता राशिद अल्वी की फिल्म 'हनुमान अंश' को लेकर की गई टिप्पणी पर भी पाल ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस को भारतीय इतिहास और संस्कृति की पर्याप्त समझ नहीं है।
उन्होंने नीम करौली बाबा का जिक्र करते हुए कहा कि देशभर में बड़ी संख्या में लोग संतों और आध्यात्मिक व्यक्तियों में आस्था रखते हैं। पाल ने कहा कि किसी भी समुदाय या धर्म से जुड़ी भावनाओं को ठेस नहीं पहुंचाई जानी चाहिए।
भाजपा सांसद ने कांग्रेस पर तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि सनातन और हिंदू धर्म में आस्था रखने वाले करोड़ों लोगों की भावनाओं का सम्मान किया जाना चाहिए।
Created On :   7 Sept 2026 1:53 AM IST










