Chardham Yatra 2026: आत्मा और आस्था को जोड़ने का मार्ग, चारधाम यात्रा 2026 के लिए उत्तराखंड सरकार ने बसों को दिखाई हरी झंड़ी

आत्मा और आस्था को जोड़ने का मार्ग, चारधाम यात्रा 2026 के लिए उत्तराखंड सरकार ने बसों को दिखाई हरी झंड़ी

डिजिटल डेस्क, देहरादून। उत्तराखंड के चार धाम में एक बार फिर हर-हर महादेव की जयकार गूंजने वाली है। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार (18 अप्रैल) को ऋषिकेश में यात्रा का विधिवत शुभारंभ किया। उन्होंने आयोजित कार्यक्रम के दौरान चारधाम में जाने वाली बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

बसों को रवाना करने के बाद सीएम ने यात्रियों के लिए लगाए गए निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का निरीक्षण किया। धाम की चढ़ाई कठिन होने के कारण शिविर साखा जरूरी है, खासकार ऐसे लोगों के लिए जो बुजुर्ग और हृदय रोगी हैं। राज्य के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियान ने भी कहा कि स्वास्थ्य जांच के बाद ही यात्रा पर निकलें। विशेष तौर पर ऐसे लोग जो जोश में आकर स्वास्थ्य की जांच कराए बिना ही निकल पड़ते हैं।

सीएम ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा, ''चारधाम यात्रा महज एक धार्मिक परंपरा नहीं, यह आत्मा और आस्था को जोड़ने का मार्ग है। यह यात्रा हर कठिनाई से पार पाने की शक्ति देती है। राज्य सरकार का स्पष्ट संकल्प है कि हर श्रद्धालु की यात्रा सुगम, सुरक्षित, सुव्यवस्थित और दिव्य हो। हमारा लक्ष्य है कि देवभूमि में आने वाला हर यात्री यहां से स्वर्णिम यादें लेकर लौटे।" उन्होंने यह भी कहा कि वे खुद लगातार यात्रा की तैयारियों की समीक्षा कर रहे हैं।

धामी सरकार ने यात्रा को सुगम बनाने के लिए दिल्ली देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर का निर्माण किया। यह परियोजना 12 हजार करोड़ रुपए की लागत से बनी है। सीएम ने अपने संबोधन में चारधाम को सुगम बनाने के लिए बुनियादी विकास कार्यों के बारे में बताया।

बता दें, गंगोत्री, यमुनोत्री और हेमकुंड साहिब में भी सुविधाओं का विस्तार हो रहा है। परियोजना के तहत मार्गों को ठीक किया जा रहा है। गौरीकुंड से केदारनाथ और गोविंदघाट से हेमकुंड साहिब तक रोपवे परियोजनाओं का काम भी आगे बढ़ रहा है।

चारधाम यात्रा से उत्तराखंड के लाखों स्थानीय लोग अपनी दो वक्त की रोजी के लिए पैसा इकट्ठा करते हैं। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान अधिक से अधिक स्थानीय उत्पाद खरीदें। ताकि देवभूमि के लोगों की आजीविका को भी बल मिले। इस अवसर पर पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं विधायक प्रेमचंद्र अग्रवाल, मेयर शंभू पासवान, हेमकुंड गुरुद्वारा ट्रस्ट के अध्यक्ष नरेंद्रजीत बिंद्रा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Created On :   19 April 2026 12:58 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story