परिसीमन पर विपक्ष में दरार!: खड़गे और सोनिया स्टालिन और शरद से करेंगे मुलाकात, कांग्रेस की मोर्चेबंदी, सपा का व्हिप

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। लोकसभा और विधानसभा सीटों में 50 फीसदी बढ़ोतरी के केंद्र सरकार के प्रस्ताव ने सियासी हलचल तेज कर दी है। परिसीमन और महिला आरक्षण को लेकर विपक्षी गठबंधन के भीतर एकराय नहीं बन पा रही है। कांग्रेस जहां प्रस्तावित विधेयकों के खिलाफ विपक्ष को एकजुट करने में जुटी है, वहीं कुछ क्षेत्रीय दल समर्थन के संकेत दे रहे हैं। इस बीच समाजवादी पार्टी ने अपने सांसदों को 30 नवंबर से 3 दिसंबर तक सदन में उपस्थित रहने और पेश होने वाले विधेयकों का विरोध करने के निर्देश दिए हैं।
मिली जानकारी के मुताबिक कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे रविवार को चेन्नई में डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन और मुंबई में एनसीपी (शरदचंद्र पवार) प्रमुख शरद पवार से मुलाकात करेंगे। सोनिया गांधी के भी उनके साथ रहने की संभावना है। इन बैठकों का मकसद विपक्षी दलों के बीच समन्वय बनाना और परिसीमन पर साझा रणनीति तैयार करना है। हालांकि, शरद पवार की पार्टी सहित कुछ क्षेत्रीय दलों के समर्थन के संकेतों ने विपक्षी एकजुटता पर सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं।
दूसरी ओर, दक्षिणी राज्यों ने प्रस्ताव के संभावित राजनीतिक प्रभावों को लेकर लामबंदी शुरू कर दी है। कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने दिल्ली में केरलम और तेलंगाना के प्रतिनिधियों से मुलाकात कर राज्यों के प्रतिनिधित्व पर चर्चा की। दक्षिणी राज्यों को आशंका है कि प्रस्तावित सीट विस्तार से उनकी संसदीय हिस्सेदारी और राजनीतिक प्रभाव प्रभावित हो सकता है। बीजद ने भी स्पष्ट किया है कि विधेयकों का अध्ययन करने के बाद ही फैसला होगा और ओडिशा के हितों से समझौता नहीं किया जाएगा।
यह भी पढ़े -क्या परिसीमन बिल है BJP का प्लान-B? राहुल गांधी ने वोट चोरी को लेकर मोदी सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
कांग्रेस नेता पी. चिदंबरम ने दावा किया कि तमिलनाडु विधानसभा पहले ही 543 लोकसभा सीटें बरकरार रखने, राज्यों के मौजूदा अनुपात को सुरक्षित रखने और बिना परिसीमन का इंतजार किए 2029 से महिला आरक्षण लागू करने का प्रस्ताव पारित कर चुकी है।
क्या है सरकार का प्रस्ताव?
केंद्रीय कैबिनेट से मंजूरी के बाद सरकार सोमवार को लोकसभा में संविधान (132वां संशोधन) विधेयक, 2026 और परिसीमन (दूसरा) विधेयक, 2026 पेश करने की तैयारी में है। प्रस्ताव के तहत लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या 850 और राज्य विधानसभाओं की संख्या में 50 फीसदी तक वृद्धि का प्रावधान है। संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर से 3 दिसंबर तक चलेगा। इस दौरान महिला आरक्षण और परिसीमन पर सत्ता पक्ष तथा विपक्ष के बीच तीखी बहस के आसार हैं।
Created On :  


