140वां एपिसोड: आज 'मन की बात' में देश को संबोधित करेंगे पीएम मोदी, परिसीमन और महिला आरक्षण पर नजरें

आज मन की बात में देश को संबोधित करेंगे पीएम मोदी, परिसीमन और महिला आरक्षण पर नजरें
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार सुबह 11 बजे मन की बात के 140वें एपिसोड में देश को संबोधित करेंगे। संसद के विशेष सत्र से पहले उनके परिसीमन और महिला आरक्षण पर विचार रखने की संभावना है। पिछले एपिसोड में उन्होंने भारतीय उत्पादों, भाई परमानंद, अंगदान और खादी की बिक्री का जिक्र किया था।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' के जरिए देश-दुनिया के लोगों से संवाद करेंगे। कार्यक्रम की 140वीं कड़ी का प्रसारण सुबह 11 बजे आकाशवाणी पर होगा। संसद के विशेष सत्र से ठीक पहले होने वाले इस संबोधन पर राजनीतिक हलकों की नजरें टिकी हैं। माना जा रहा है कि प्रधानमंत्री परिसीमन, महिला आरक्षण और संसद में पेश होने वाले प्रस्तावित विधेयकों समेत समसामयिक मुद्दों पर अपनी बात रख सकते हैं।

इससे पहले मन की बात के 139वें एपिसोड में प्रधानमंत्री ने भारतीय उत्पादों की बढ़ती वैश्विक मांग और स्थानीय उत्पादों को मिल रहे अंतरराष्ट्रीय बाजार का उल्लेख किया था। उन्होंने बिहार के पूर्णिया के मखाने और कर्नाटक के कलबुर्गी की अरहर दाल का उदाहरण देते हुए बताया था कि भारतीय उत्पाद विदेशों में भी अपनी पहचान बना रहे हैं। पूर्णिया का मखाना ग्रीस और कलबुर्गी की अरहर दाल मालदीव तक पहुंच रही है। इससे किसानों के लिए निर्यात के नए अवसर तैयार हो रहे हैं।

भाई परमानंद और अंगदान का किया था जिक्र

पिछले कार्यक्रम में पीएम मोदी ने स्वतंत्रता सेनानी भाई परमानंद की 150वीं जयंती पर उनके योगदान को याद किया था। उन्होंने बताया था कि भाई परमानंद आर्य समाज और गदर पार्टी से जुड़े रहे। आजादी की लड़ाई में उन्हें काला पानी की सजा हुई थी। प्रधानमंत्री ने भगत सिंह को पढ़ाने में उनके योगदान का भी उल्लेख किया था।

इसके अलावा उन्होंने मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम की शिवानी के परिवार के अंगदान के फैसले की सराहना की थी। सड़क दुर्घटना में शिवानी की मृत्यु के बाद परिवार ने उनके अंगदान का निर्णय लिया था। पीएम ने इसे दूसरों को जीवन देने वाला प्रेरणादायक कदम बताया था।

खादी की बिक्री का भी बताया था रिकॉर्ड

प्रधानमंत्री ने गांधी जयंती पर एक दिन में 28 करोड़ रुपये से अधिक के खादी उत्पादों की बिक्री का उल्लेख किया था। यह पिछले साल के मुकाबले करीब डेढ़ करोड़ रुपये ज्यादा थी। अब 140वें एपिसोड में प्रधानमंत्री किन मुद्दों को प्रमुखता देते हैं, इस पर सभी की निगाहें रहेंगी।

Created On :  

Tags

Next Story