यूपी विधानसभा चुनाव 2027: सपा के घोषणा पत्र पर भाजपा का वार, रवि किशन बोले- सब झूठ, राजभर ने भी उठाए सवाल

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी के घोषणा पत्र को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। बीजेपी नेताओं ने अखिलेश यादव और सपा के चुनावी वादों पर सवाल उठाते हुए निशाना साधा है। बीजेपी सांसद रवि किशन, प्रदेश सरकार के मंत्री ओमप्रकाश राजभर और जयवीर सिंह ने अलग-अलग बयानों में सपा के पिछले कार्यकाल और उसके दावों पर हमला बोला।
यह भी पढ़े -भोपाल–कानपुर कॉरिडोर पर बड़ा बदलाव पहाड़ी घाट का डेढ़-दो घंटे का सफर अब 40 मिनट में, एनएच-934 का 39.5 किमी खंड फोर-लेन
गोरखपुर में बीजेपी सांसद रवि किशन ने सपा के घोषणा पत्र को झूठ का पुलिंदा बताया। उन्होंने कहा, "सब झूठ है, सब झूठ है, सब झूठ है।" रवि किशन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कामकाज का हवाला देते हुए कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता साल के 365 दिन जमीन पर रहकर काम करते हैं, जबकि दूसरी पार्टियों के नेता चुनाव के समय ही सक्रिय दिखाई देते हैं।
राजभर बोले- 2022 और 2027 का घोषणा पत्र एक जैसा
प्रदेश सरकार के मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि समाजवादी पार्टी का 2022 और 2027 का घोषणा पत्र पढ़ने पर दोनों में कोई खास अंतर नजर नहीं आएगा। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अखिलेश यादव ने अपने नए घोषणा पत्र में यह स्वीकार कर लिया है कि उनकी पिछली सरकार में गुंडागर्दी, दुष्कर्म और कर्फ्यू जैसी स्थितियां थीं। अब उन्होंने इन्हें रोकने का वादा किया है।
जयवीर सिंह ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां
मंत्री जयवीर सिंह ने अखिलेश यादव के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने उत्तर प्रदेश से गुंडागर्दी और नक्सलवाद खत्म करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने बेरोजगार युवाओं को रोजगार देने सहित विकास के कई कार्य किए हैं। भाजपा सरकार प्रदेश में कानून-व्यवस्था और रोजगार के मोर्चे पर लगातार काम कर रही है।
भाजपा नेताओं के इन बयानों से साफ है कि 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले घोषणा पत्र, कानून-व्यवस्था और रोजगार जैसे मुद्दों पर सपा और भाजपा के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज होने लगे हैं।
Created On :  


