परिसीमन से बदलेगा MP का सियासी नक्शा!: लोकसभा की 29 से 43-44, विधानसभा की 230 से 345 होंगी सीटें

डिजिटल डेस्क, भोपाल। परिसीमन लागू होने पर मध्य प्रदेश की राजनीतिक तस्वीर पूरी तरह बदल सकती है। लोकसभा और विधानसभा क्षेत्रों की संख्या बढ़ने के साथ उनकी सीमाओं और आरक्षण व्यवस्था में भी बदलाव भी देखने को मिलेगा। खबरों के मुताबिक, प्रस्तावित 50 प्रतिशत सीट बढ़ने के गणित के हिसाब से प्रदेश की लोकसभा सीटें 29 से बढ़कर 43 या 44 हो सकती हैं। वहीं विधानसभा की मौजूदा 230 सीटें बढ़कर 345 हो जाएंगी। हालांकि, ये आंकड़े संभावित हैं और अंतिम संख्या परिसीमन की प्रक्रिया के बाद ही तय होगी।
यह भी पढ़े -परिसीमन पर DMK के समर्थन से भड़की TVK, स्टालिन को बताया 'सावरकर 2.0', शेयर की RSS वाली तस्वीर
विधानसभा में 115 नए क्षेत्र, 114 सीटें महिलाओं के लिए
सीटों की संख्या 345 होने पर विधानसभा में 115 नए निर्वाचन क्षेत्र जुड़ सकते हैं। इससे बहुमत का आंकड़ा भी मौजूदा 116 से बढ़कर 173 हो जाएगा। प्रस्तावित 33 प्रतिशत महिला आरक्षण से करीब 114 विधानसभा सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित हो सकती हैं। इसी तरह लोकसभा की 43-44 सीटें होने पर लगभग 14-15 सीटों पर महिला आरक्षण लागू होने की संभावना होगी।
ग्रामीण सीटों में बदलेंगे समीकरण
परिसीमन का सबसे ज्यादा असर तेजी से बढ़ती आबादी वाले क्षेत्रों में दिखाई दे सकता है। बड़े शहरों और जिलों में विधानसभा सीटों की संख्या बढ़ेगी। सीटें बढ़ने और सीमाओं के बदलाव से सबसे अधिक असर ग्रामीण और एससी -एसटी आरक्षित सीटों पर पड़ेगा , जो चुनावी नतीजो में आने वाले समय में दिखाई देगा।
SC-ST आरक्षण का भी होगा पुनर्गठन
नई सीटों के निर्धारण के साथ अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित सीटों का भी पुनर्समायोजन होगा। मौजूदा सीटें अनारक्षित हो सकती हैं और नए क्षेत्रों को आरक्षित श्रेणी में शामिल किया जा सकता है।
कुल मिलाकर परिसीमन से राज्य में राजनीतिक दलों को नए उम्मीदवार तलाशने होंगे। महिला नेतृत्व को आगे बढ़ाने और नए क्षेत्रों में संगठन मजबूत करने की चुनौती भी बढ़ेगी। फिलहाल इन सभी बदलावों पर अंतिम मुहर परिसीमन की आधिकारिक प्रोसेस के बाद ही लगेगी।
Created On :  


