Maharashtra News: परिसीमन का महाराष्ट्र पर क्या पड़ेगा असर, कितनी बढ़ जाएंगी लोकसभा और विधानसभा की सीटें?

परिसीमन का महाराष्ट्र पर क्या पड़ेगा असर, कितनी बढ़ जाएंगी लोकसभा और विधानसभा की सीटें?
मोदी कैबिनेट संसद के विशेष सत्र (30 नवंबर से 3 दिसंबर 2026) में परिसीमन बिल पेश करेगी। प्रस्ताव के मुताबिक लोकसभा और राज्यों की विधानसभा सीटों संख्या मौजूदा सीटों से 50 फीसदी बढ़ाई जाएंगी।

डिजिटल डेस्क, मुंबई। मोदी कैबिनेट संसद के विशेष सत्र (30 नवंबर से 3 दिसंबर 2026) में परिसीमन बिल पेश करेगी। प्रस्ताव के मुताबिक लोकसभा और राज्यों की विधानसभा सीटों संख्या मौजूदा सीटों से 50 फीसदी बढ़ाई जाएंगी। मतलब मौजूदा लोकसभा सीटों की संख्या बढ़कर 815 हो जाएगी। अगर यह बिल सदन में पास होकर कानून बनता है तो देश के कई बड़े राज्यों का सियासी नक्शा पूरी तरह बदल सकती है।

विधानसभा और लोकसभा सीटों के लिहाज से यूपी के बाद देश के दूसरे बड़े राज्य महाराष्ट्र की राजनीतिक तस्वीर में बड़ा बदलाव होगा। अभी राज्य में 48 लोकसभा और 288 विधानसभा सीटें हैं। परिसीमन के प्रस्तावित 50 फीसदी इजाफे के अंतर्गत लोकसभा सीटें 48 से बढ़कर 72 हो सकती हैं। वहीं विधानसभा सीटें भी 50 फीसदी बढ़ोतरी के साथ 432 हो सकती हैं।

कहां-कितनी सीटों का इजाफा?

प्रस्तावित 50 फीसदी बढ़ोतरी के बाद सबसे ज्यादा 6 लोकसभा सीटें पश्चिम महाराष्ट्र में बढ़ने का अनुमान है। इसके बाद विदर्भ में पांच, मराठावाड़ा और उत्तर महाराष्ट्र में 4-4 सीटें बढ़ने की संभावना है। मुंबई और ठाणे-कोंकण इलाके में भी तीन-तीन सीटें बढ़ सकती हैं। हालांकि, सीटों का अंतिम बंटवारा परिसीमन आयोग की रिपोर्ट के बाद ही होगा।

यदि आयोग ने आबादी और वोटर्स की संख्या को बंटवारे का आधार बनाया तो सबसे ज्यादा सीटें मुंबई और पुणे में बढ़ेंगी। मुंबई सिटी और उपनगरों की सीटें 6 से बढ़कर 9 हो सकती हैं।

कितनी होंगी महिला आरक्षित सीटें?

परिसीमन से जुड़े प्रस्ताव का एक अहम मकसद संसद और विधानसभा में महिलाओं के लिए 33 फीसदी आरक्षण लागू करना है। सरकार इस प्रक्रिया को 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले लागू करने की दिशा में आगे बढ़ना चाहती है। प्रस्ताव के मुताबिक महिला आरक्षण 15 साल के लिए होगा। संसद कानून बनाकर इसमें बढ़ोतरी कर सकती है।

प्रस्तावित परिसीमन और 33% महिला आरक्षण लागू होने के बाद महाराष्ट्र में करीब 24 लोकसभा और 144 विधानसभा सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित हो सकती हैं।

Created On :  

Tags

Next Story