यूपी विधानसभा चुनाव 2027: मायावती का सपा पर हमला, अखिलेश के 'जन-मन का मेनिफेस्टो' को बताया धन-मनवादी घोषणापत्र

मायावती का सपा पर हमला, अखिलेश के जन-मन का मेनिफेस्टो को बताया धन-मनवादी घोषणापत्र
बसपा प्रमुख मायावती ने समाजवादी पार्टी के 'जन-मन का मेनिफेस्टो' को चुनावी छलावा बताते हुए निशाना साधा है। उन्होंने सपा पर गरीबों, दलितों, पिछड़ों और मुस्लिमों के हितों की अनदेखी करने तथा जातिवादी राजनीति को बढ़ावा देने का आरोप लगाया। मायावती ने राज्यसभा चुनाव में धन्नासेठ को प्राथमिकता देने का मुद्दा उठाते हुए कहा कि सपा की नीतियों से प्रदेश की गरीबी, बेरोजगारी और पलायन जैसी समस्याएं दूर नहीं हो सकतीं।

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले समाजवादी पार्टी के घोषणापत्र को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख मायावती ने सपा के 'जन-मन का मेनिफेस्टो' पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने इसे हवा-हवाई बताते हुए कहा कि यह घोषणापत्र वास्तव में 'धन-मनवादी' अधिक है। मायावती ने जनता को सपा के चुनावी वादों से सावधान रहने की सलाह भी दी।

मायावती ने सोशल मीडिया पर जारी बयान में कहा कि सपा का घोषणापत्र उसके कथित पीडीए की तरह ही खोखला है। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी का राजनीतिक स्वभाव गरीबों, दलितों, पिछड़ों और मुस्लिमों के वास्तविक हितों, सम्मान और सुरक्षा के खिलाफ रहा है। इसका ताजा उदाहरण उन्होंने उत्तर प्रदेश से राज्यसभा के हालिया चुनाव में एक धनी उम्मीदवार को प्राथमिकता देने के फैसले को बताया।

बसपा प्रमुख ने सवाल उठाया कि ऐसी नीतियों से प्रदेश में गरीबी, बेरोजगारी, पिछड़ापन और पलायन जैसी गंभीर समस्याएं कैसे दूर होंगी? उन्होंने आरोप लगाया कि सपा अच्छे और जनहित के प्रति समर्पित लोगों के बजाय धनी और बाहुबली उम्मीदवारों को चुनाव मैदान में उतारती रही है।

मायावती ने 'हर हाथ को काम' और कानून के राज को बसपा की मूल नीतियां बताते हुए अपनी पार्टी की चारों सरकारों के कार्यकाल का हवाला दिया। उन्होंने सपा पर एससी, एसटी और ओबीसी आरक्षण विरोधी रवैया अपनाने तथा प्रदेश में जातिवादी द्वेष और दंगों को बढ़ावा देने का आरोप भी लगाया। मायावती ने कहा कि सपा की बातें, वादे और घोषणाएं चुनावी छलावा हैं। जनता को इनके प्रति सतर्क रहना चाहिए।

Created On :  

Tags

Next Story