विशेष सत्र: परिसीमन पर भाजपा का विपक्ष को जवाब, बोली- महिला आरक्षण राष्ट्रहित का मुद्दा, कांग्रेस को नहीं मिलेगी सफलता

परिसीमन पर भाजपा का विपक्ष को जवाब, बोली- महिला आरक्षण राष्ट्रहित का मुद्दा, कांग्रेस को नहीं मिलेगी सफलता
संसद के विशेष सत्र में संभावित परिसीमन विधेयक को लेकर भाजपा नेताओं ने विपक्ष पर निशाना साधा है। मंगल पांडे ने महिला आरक्षण को राष्ट्रहित का मुद्दा बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में यह विधेयक पारित होगा। वहीं, गुरु प्रकाश पासवान ने परिसीमन को संवैधानिक आवश्यकता बताया, जबकि राम कदम ने पुराने परिसीमन का हवाला देकर विपक्ष के विरोध पर सवाल उठाए।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। संसद के विशेष सत्र में परिसीमन विधेयक पेश किए जाने की अटकलों के बीच भाजपा ने विपक्ष पर हमला तेज कर दिया है। भाजपा नेताओं ने महिला आरक्षण और परिसीमन को देश की संवैधानिक जरूरत बताते हुए कांग्रेस समेत विपक्षी दलों पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाया है।

भाजपा नेता मंगल पांडे ने कहा कि महिला आरक्षण विधेयक राष्ट्रहित में है। आधी आबादी को राजनीतिक अधिकार और सम्मान दिए बिना देश का समग्र विकास संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में यह विधेयक पारित होगा। कांग्रेस के विरोध पर निशाना साधते हुए उन्होंने दावा किया कि विपक्ष की आपत्तियों से विधेयक पारित होने की राह नहीं रुकेगी।

वहीं, भाजपा नेता गुरु प्रकाश पासवान ने तीन दिवसीय संसद सत्र को लेकर टकराव की आशंका खारिज की। उन्होंने कहा कि परिसीमन एक संवैधानिक आवश्यकता है और समय-समय पर यह प्रक्रिया होती रही है। उन्होंने विपक्ष पर महिला आरक्षण का विरोध करने का आरोप लगाते हुए कहा कि परिसीमन पर भी आपत्ति जताना समझ से परे है।

भाजपा नेता राम कदम ने परिसीमन के इतिहास का हवाला देते हुए कहा कि 1952, 1963, 1973 और 2002 में भी यह प्रक्रिया अपनाई गई थी। तब किसी को आपत्ति नहीं थी, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल में हर फैसले का विरोध किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 1952 में देश में 17 करोड़ मतदाता और लोकसभा की 489 सीटें थीं, जबकि अब मतदाताओं की संख्या पांच गुना से अधिक हो चुकी है। उन्होंने इसी आधार पर लोकसभा में सीटों की संख्या बढ़ाने की जरूरत का तर्क दिया।

Created On :  

Tags

Next Story