Congress Parliamentary Meeting: परिसीमन विधेयक पर कांग्रेस की बैठक, DMK के साथ आने पर राहुल गांधी ने क्या कहा?

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली में कांग्रेस ने संसदीय दल की बैठक शुक्रवार को बुलाई। इसमें लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और पार्टी नेता राहुल गांधी भी शामिल हुए। इस दौरान उनका कहना है कि विपक्ष परिसीमन बिल का कड़ा विरोध करने वाला है। बैठक में शामिल हुए पार्टी सूत्रों ने बताया कि राहुल गांधी ने कहा कि सभी सांसदों को यह बात जनता और संसद के सामने रखनी होगी कि बीजेपी अपने सियासी लाभ के लिए परिसीमन करना चाहती है।
यह भी पढ़े -परिसीमन पर कांग्रेस का मंथन, सोनिया गांधी की अध्यक्षता में बनी संसद सत्र की रणनीति, कल होगी इंडिया गठबंधन की बैठक
राहुल ने DMK के साथ आने पर क्या कहा?
एबीपी न्यूज ने अपनी रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से बताया कि राहुल गांधी ने इस मीटिंग में कहा कि डीएमके उनके साथ आए। हालांकि, इससे पहले डीएमके चीफ एमके स्टालिन परिसीमन बिल पर अपनी पार्टी की तरफ से तस्वीर साफ कर चुके हैं। उन्होंने संसद में बिल को समर्थन दिए जाने की अटकलों पर कहा कि डीएमके तमिलनाडु के हितों से कभी भी कोई समझौता नहीं करने वाली है। उन्होंने दो शर्तों का जिक्र करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया, "भारत में परिसीमन के खतरों के खिलाफ आवाज उठाने वाली पहली पार्टी डीएमके थी। चेन्नई में ही पहली बार देश भर के राजनीतिक नेता एक साथ आए और निष्पक्ष परिसीमन की मांग की।"
यह भी पढ़े -यूपी में सीट बंटवारे पर सपा-कांग्रेस में बढ़ी तकरार, इकरा हसन की नसीहत पर कांग्रेस ने जताई नाराजगी
DMK प्रमुख की दो शर्तें
डीएमके प्रमुख ने अपनी दो शर्तों पर कहा, "तमिलनाडु विधानसभा की ओर से पारित प्रस्ताव और 'निष्पक्ष परिसीमन के लिए संयुक्त कार्य समिति' की बैठक में लिए गए निर्णयों के अनुरूप हम दो स्पष्ट मांगें रखते हैं। पहली यह कि अगर संसदीय निर्वाचन क्षेत्रों की संख्या बढ़ाई जाती है, तो किसी भी स्थिति में लोकसभा में तमिलनाडु की मौजूदा 7.18 फीसदी सीटों की हिस्सेदारी कम नहीं होनी चाहिए। दूसरी यह कि 1971 की जनगणना के आधार पर राज्यों के बीच संसदीय प्रतिनिधित्व का जो अनुपात तय किया गया था और जिसे पहले 'फ्रीज' कर दिया गया था, उसे अगले 25 वर्षों तक और 'फ्रीज' रखा जाना चाहिए।"
स्टालिन ने कांग्रेस को घेरा
एमके स्टालिन ने आगे साफ करते हुए बताया कि डीएमके इन दो मांगों पर पूरी तरह से अडिग है। उन्होंने बताया, "हमारे रुख में कोई बदलाव नहीं आया है और किसी भी तरह के समझौते का तो सवाल ही नहीं उठता।" उन्होंने आगे अपनी पूर्व सहयोगी पार्टी कांग्रेस पर इशारों में निशाना साधते हुए कहा, "मीडिया में चल रही अटकलें या पीठ पीछे वार करने वालों की फुसफुसाहटें, हमारे रुख को किसी भी तरह से डिगा नहीं सकतीं। सत्ता के पदों के लिए अपने सिद्धांतों को त्यागने वाले उन बेशर्म और एहसान-फरामोश लोगों को यह बात समझ लेनी चाहिए।"
Created On :  

