परिसीमन बिल: कौन सा दल किसके के साथ, कौन सरकार के विरोध में, किन पर सस्पेंस? विपक्ष में फूट के संकेत तो NDA को 41 सांसदों की दरकार

कौन सा दल किसके के साथ, कौन सरकार के विरोध में, किन पर सस्पेंस? विपक्ष में फूट के संकेत तो NDA को 41 सांसदों की दरकार
संसद के विशेष सत्र में परिसीमन और महिला आरक्षण संशोधन विधेयक पेश होने की अटकलों के बीच विपक्षी दलों के रुख में मतभेद उभर रहे हैं। लोकसभा में दो-तिहाई बहुमत के लिए एनडीए को 41 अतिरिक्त सांसदों के समर्थन की जरूरत है।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। केंद्र की एनडीए सरकार ने 30 नवंबर से 3 दिसंबर तक संसद का विशेष सत्र बुलाया है। खबरों के मुताबिक, इस सत्र में सरकार परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े संशोधित विधेयक पेश कर सकती है। हालांकि, सरकार ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। इस बीच प्रस्तावित विधेयक को लेकर राजनीतिक दलों के बीच बयानबाजी तेज हो गई है। ऐसे में संसद में समर्थन और विरोध का नंबर गेम अधिक महत्वपूर्ण हो गया है।

विपक्षी दलों के रुख में कितनी एकरूपता ?

परिसीमन के मुद्दे पर विपक्षी दलों के रुख में एकरूपता नजर नहीं आ रही है। कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने सरकार पर संविधान पर हमला करने की तैयारी का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि अप्रैल 2026 में भी सरकार जरूरी दो-तिहाई बहुमत नहीं जुटा पाई थी। कांग्रेस मौजूदा 543 सीटों पर ही महिला आरक्षण लागू करने की मांग कर रही है।

परिसीमन बीजेपी की सबसे बड़ी भूल

समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने एक्स पर पोस्ट कर परिसीमन को बीजेपी की राजनीति की सबसे बड़ी भूल बताया है। वहीं, डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन ने साफ किया है कि लोकसभा में तमिलनाडु की मौजूदा 7.18 फीसदी हिस्सेदारी कम नहीं होनी चाहिए। उनकी मांग है कि 1971 की जनगणना के आधार पर राज्यों की सीटों का अनुपात अगले 25 साल तक बरकरार रखा जाए।

विधेयक देखने के बाद एनसीपी (SP) लेगी फैसला

एनसीपी (SP) की नेता सुप्रिया सुले ने कहा है कि पार्टी विधेयक देखने के बाद ही अपना रुख तय करेगी। बीआरएस ने दक्षिण भारतीय राज्यों की लोकसभा में 24 फीसदी हिस्सेदारी बनाए रखने की शर्त रखी है। वहीं, आम आदमी पार्टी ने सभी राज्यों को समान प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने की मांग की है।

लोकसभा में दो-तिहाई बहुमत के लिए 360 सांसदों का समर्थन जरूरी है। तीन सीटें रिक्त होने के कारण सदन में 540 सदस्य हैं। एनडीए के पास करीब 319 सांसद हैं। ऐसे में सरकार को विधेयक पारित कराने के लिए कम से कम 41 और सांसदों के समर्थन की जरूरत होगी। राज्यसभा में भी एनडीए दो-तिहाई बहुमत के आंकड़े से 11 सांसद पीछे बताया जा रहा है।

Created On :  

Tags

Next Story