विशेष सत्र: महिला आरक्षण और परिसीमन पर आज कैबिनेट में मंथन, संसद सत्र से पहले मोदी सरकार बनाएगी रणनीति

महिला आरक्षण और परिसीमन पर आज कैबिनेट में मंथन, संसद सत्र से पहले मोदी सरकार बनाएगी रणनीति
संसद के प्रस्तावित विशेष सत्र से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज केंद्रीय कैबिनेट और मंत्रियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक करेंगे। इसमें महिला आरक्षण से जुड़े संभावित विधेयक, परिसीमन और संसद के विधायी एजेंडे पर चर्चा हो सकती है। उधर, कांग्रेस ने भी सोनिया गांधी की अध्यक्षता में संसदीय रणनीति समूह की बैठक बुलाई है। ऐसे में संसद सत्र से पहले सरकार और विपक्ष दोनों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। संसद के विशेष सत्र से पहले केंद्र सरकार ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में शुक्रवार को केंद्रीय कैबिनेट की बैठक होगी। इसमें आगामी संसद सत्र के विधायी एजेंडे, महत्वपूर्ण विधेयकों और सदन में सरकार की रणनीति पर मंथन होने की संभावना है। माना जा रहा है कि बैठक में महिला आरक्षण से जुड़े संभावित विधेयक और परिसीमन के मुद्दे पर भी चर्चा हो सकती है।

समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, संसद सत्र से पहले केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में परिसीमन से जुड़े महिला आरक्षण विधेयक पर विचार किया जा सकता है। इससे पहले संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने बताया था कि सरकार ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से 30 नवंबर और राज्यसभा के सभापति सीपी राधाकृष्णन से 2 दिसंबर को सदन की बैठक बुलाने का अनुरोध किया है। प्रस्तावित कार्यवाही 3 दिसंबर तक चल सकती है।

प्रधानमंत्री मोदी पहले ही मंत्रियों को 15 दिसंबर से पहले अपने मंत्रालयों के विधायी और प्रशासनिक कामकाज पूरे करने तथा विदेश यात्राओं से बचने की सलाह दे चुके हैं। शुक्रवार की बैठक में मंत्रालयों के लंबित प्रस्तावों और विधेयकों की स्थिति की समीक्षा भी हो सकती है, ताकि संसद में सरकार पूरी तैयारी के साथ अपना पक्ष रख सके।

दूसरी ओर, विपक्ष ने भी अपनी रणनीति पर काम शुरू कर दिया है। कांग्रेस ने शुक्रवार शाम 4:30 बजे सोनिया गांधी की अध्यक्षता में संसदीय रणनीति समूह की बैठक बुलाई है।

इस बीच बीजद उपाध्यक्ष प्रसन्ना आचार्य ने संसद सत्र दोबारा बुलाने पर सवाल उठाए। उन्होंने आशंका जताई कि सरकार महिला आरक्षण के साथ परिसीमन विधेयक फिर से ला सकती है। हालांकि, उन्होंने कहा कि विधेयक का स्वरूप अभी स्पष्ट नहीं है। पार्टी अध्यक्ष नवीन पटनायक सहयोगियों से चर्चा के बाद इस मुद्दे पर पार्टी का रुख तय करेंगे।

Created On :  

Tags

Next Story