Rajasthan Politics: 258 वोटों की जीत पर फिरा पानी! BJP विधायक ओम कुमार की विधायकी रद्द, हाईकोर्ट ने सुनाया बड़ा फैसला

258 वोटों की जीत पर फिरा पानी! BJP विधायक ओम कुमार की विधायकी रद्द, हाईकोर्ट ने सुनाया बड़ा फैसला
उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले की नहटौर विधानसभा सीट से बीजेपी विधायक ओम कुमार की मुश्किलें बढ़ गई हैं। इलाहाबाद हाईकोर्ट ने 2022 के विधानसभा चुनाव में उनके निर्वाचन को रद्द कर दिया है।

डिजिटल डेस्क, जयपुर। उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले की नहटौर विधानसभा सीट से बीजेपी विधायक ओम कुमार की मुश्किलें बढ़ गई हैं। इलाहाबाद हाईकोर्ट ने 2022 के विधानसभा चुनाव में उनके निर्वाचन को रद्द कर दिया है। जस्टिस सलिल कुमार राय की एकल पीठ ने राष्ट्रीय लोकदल (RLD) के प्रत्याशी मुंशी राम की ओर से दाखिल चुनाव याचिका पर सुनवाई के बाद यह आदेश दिया।

दरअसल, 2022 के विधानसभा चुनाव में ओम कुमार ने मुंशी राम को महज 258 वोटों के मामूली अंतर से हराया था। इस नतीजे को मुंशी राम ने अदालत में चुनौती दी थी। उनका आरोप था कि ओम कुमार ने चुनाव के दौरान नामांकन पत्र के साथ जमा किए गए हलफनामे में कई जरूरी जानकारियां छिपाई थीं। अब हाईकोर्ट के फैसले के बाद ओम कुमार की विधानसभा सदस्यता पर संकट खड़ा हो गया है।

258 वोटों से जीते थे ओम कुमार

साल 2022 में उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के दौरान नहटौर सीट पर बीजेपी और राष्ट्रीय लोकदल के बीच कड़ा मुकाबला हुआ था। बीजेपी ने ओम कुमार को अपना उम्मीदवार बनाया था, जबकि RLD ने मुंशी राम को मैदान में उतारा था।

चुनाव के नतीजे आए तो ओम कुमार को विजेता घोषित किया गया। उन्होंने मुंशी राम को सिर्फ 258 वोटों से हराया था। जीत का इतना कम अंतर होने के कारण मुंशी राम ने चुनाव परिणाम को अदालत में चुनौती देने का फैसला किया। इसके बाद उन्होंने इलाहाबाद हाईकोर्ट में याचिका दाखिल कर ओम कुमार के निर्वाचन को रद्द करने की मांग की थी।

हलफनामे में जानकारी छिपाने का लगाया था आरोप

मुंशी राम ने साल 2022 में ही हाईकोर्ट में चुनाव याचिका दायर की थी। इसमें ओम कुमार के साथ नौ अन्य लोगों को भी पक्षकार बनाया गया था। याचिका में आरोप लगाया गया था कि ओम कुमार ने नामांकन के समय दाखिल हलफनामे में अपनी आय और चुनाव से जुड़ी कई अहम जानकारियां सही तरीके से नहीं दी थीं। मुंशी राम का दावा था कि नामांकन फॉर्म के कुछ कॉलम खाली छोड़ दिए गए थे और जरूरी जानकारियां छिपाई गई थीं।

इसी आधार पर उन्होंने अदालत से ओम कुमार का निर्वाचन रद्द करने की मांग की थी। मामले में लंबे समय तक सुनवाई चली। आखिरकार जस्टिस सलिल कुमार राय की एकल पीठ ने चुनाव से जुड़े रिकॉर्ड और याचिका में उठाए गए मुद्दों पर सुनवाई के बाद ओम कुमार की जीत को निरस्त करने का आदेश दिया।

सुप्रीम कोर्ट जा सकते हैं ओम कुमार

हाईकोर्ट के फैसले के बाद ओम कुमार के पास सुप्रीम कोर्ट में अपील करने का विकल्प मौजूद है। उन्हें फैसले को चुनौती देने के लिए 15 दिन का समय दिया गया है। इस दौरान वह शीर्ष अदालत में याचिका दाखिल कर राहत मांग सकते हैं।

वहीं, ओम कुमार की ओर से हाईकोर्ट के आदेश पर रोक लगाने के लिए स्टे की अर्जी भी दाखिल की गई है। हालांकि, फिलहाल इस अर्जी पर उन्हें कोई राहत नहीं मिली है। ऐसे में निर्वाचन रद्द करने का हाईकोर्ट का आदेश अभी प्रभावी है। आगे इस मामले में सुप्रीम कोर्ट में अपील और उस पर आने वाले फैसले पर सबकी नजर रहेगी।

नहटौर सीट पर उपचुनाव की संभावना कितनी?

हाईकोर्ट के फैसले के बाद नहटौर विधानसभा सीट पर उपचुनाव को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है। उत्तर प्रदेश की मौजूदा विधानसभा का कार्यकाल 22 मई 2027 तक है। जनप्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 151A के तहत सामान्य तौर पर विधानसभा की कोई सीट खाली होने पर छह महीने के भीतर उपचुनाव कराने का प्रावधान है। हालांकि, अगर विधानसभा का कार्यकाल एक साल से कम बचा हो तो उपचुनाव नहीं कराने की छूट भी दी गई है।

इसी वजह से नहटौर सीट पर उपचुनाव की संभावना कम मानी जा रही है। हालांकि, अंतिम स्थिति ओम कुमार की कानूनी कार्रवाई और निर्वाचन आयोग के फैसले पर निर्भर करेगी। फिलहाल हाईकोर्ट के आदेश ने बिजनौर की राजनीति में हलचल बढ़ा दी है।

Created On :  

Tags

Next Story