विधानसभा चुनाव 2027: सपा और भाजपा के बीच अंदरखाने कोई सियासी खिचड़ी तो नहीं पक रही? राज्यसभा में धनराज नथवानी की एंट्री, कांग्रेस को कम सीट और छापे के डर से उठे सवाल

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर चल रही खींचतान ने कई राजनीतिक सवाल खड़े कर दिए हैं। कांग्रेस को 26 सीटों का प्रस्ताव देने की चर्चा के बीच अब सपा की रणनीति को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। क्या अखिलेश यादव कांग्रेस को आखिरी समय तक सीटों के बंटवारे में उलझाए रखना चाहते हैं? क्या कम सीटों का प्रस्ताव देकर कांग्रेस पर राजनीतिक दबाव बनाने की रणनीति अपनाई जा रही है? या फिर इसके पीछे भाजपा और सपा के बीच कोई ऐसा राजनीतिक समीकरण है, जिसकी तस्वीर अभी साफ नहीं है?
इन सवालों को सपा के राज्यसभा उम्मीदवारों के चयन, अतीत में भाजपा के पक्ष में हुई क्रॉस वोटिंग और संसद में महत्वपूर्ण विधेयकों पर संभावित मतदान के समीकरणों से मिल रही है। हालांकि, भाजपा और सपा के बीच किसी गुप्त राजनीतिक समझौते का फिलहाल कोई सार्वजनिक प्रमाण सामने नहीं है। ऐसे में इन घटनाक्रमों को स्थापित तथ्य के बजाय राजनीतिक संभावनाओं और सवालों के रूप में देखना जरूरी है।
राज्यसभा में धनराज नथवानी की एंट्री से क्यों उठे सवाल?
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सितंबर 2026 में रिलायंस इंडस्ट्रीज के ग्रुप प्रेसिडेंट धनराज परिमल नथवानी को उत्तर प्रदेश से राज्यसभा चुनाव में प्रत्याशी घोषित किया । धनराज उद्योगपति परिमल नथवानी के बेटे हैं। उनके पिता परिमल नथवानी जून 2026 में झारखंड से बीजेपी समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में राज्यसभा पहुंचे थे। वहीं उनके बेटे धनराज को सपा ने अपना उम्मीदवार बनाया और वह अक्टूबर 2026 में निर्विरोध राज्यसभा सदस्य निर्वाचित हुए। सपा ने इस चयन को कॉरपोरेट जगत से जुड़ाव और नई पीढ़ी को प्रतिनिधित्व देने की रणनीति बताया।
लेकिन राजनीतिक दृष्टि से इस चयन ने चर्चा जरूर पैदा की। सवाल यह है कि पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) की राजनीति का दावा करने वाली सपा ने एक बड़े कॉरपोरेट समूह से जुड़े व्यक्ति को राज्यसभा भेजने का फैसला क्यों किया? क्या पार्टी उद्योग जगत से अपने संबंध मजबूत करना चाहती है या इसके पीछे कोई अन्य राजनीतिक और रणनीतिक गणित है? इन सवालों का जवाब पार्टी नेतृत्व ही दे सकता है।
क्रॉस वोटिंग का पुराना रिकॉर्ड क्या कहता है?
सपा और भाजपा के बीच राजनीतिक समीकरणों का इतिहास महत्वपूर्ण है। इसका एक पुराना उदाहरण वर्ष 2002 का राष्ट्रपति चुनाव है। उस समय केंद्र में अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व वाली NDA सरकार थी। राष्ट्रपति पद के लिए डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम का नाम सामने आया तो मुलायम सिंह यादव ने खुलकर उनका समर्थन किया।
इसके बाद वर्ष 2017 के राष्ट्रपति चुनाव में भी उत्तर प्रदेश में क्रॉस वोटिंग की चर्चा सुर्खियों में हुई। NDA ने रामनाथ कोविंद को उम्मीदवार बनाया था, जबकि विपक्ष की ओर से मीरा कुमार मैदान में थीं। उत्तर प्रदेश में विपक्षी उम्मीदवार यानी कि मीरा कुमार को अपेक्षित मत नहीं मिले। हालांकि, उपलब्ध रिपोर्टों में सभी क्रॉस वोट करने वाले विधायकों की पार्टी पहचान को लेकर पूरी स्पष्टता नहीं थी। इसलिए कहा नहीं जा सकता कि सपा के प्रतिनिधियों ने किस खेमे को वोट दिया।
सबसे स्पष्ट और हालिया उदाहरण फरवरी 2024 का राज्यसभा चुनाव है। उत्तर प्रदेश में भाजपा ने आठवां उम्मीदवार संजय सेठ उतारकर मुकाबला रोचक बना दिया था। इस चुनाव में सात सपा विधायकों ने भाजपा उम्मीदवार के पक्ष में क्रॉस वोटिंग की, जबकि एक विधायक ने मतदान से दूरी बनाई। इसके परिणामस्वरूप भाजपा के सभी आठ उम्मीदवार जीत गए और सपा को अपने तीसरे उम्मीदवार की सीट गंवानी पड़ी।
यहां भी एक और दिलचस्प तथ्य है। संजय सेठ को 2016 में सपा ने ही राज्यसभा भेजा था। वह पार्टी के कोषाध्यक्ष भी रहे, लेकिन 2019 में भाजपा में शामिल हो गए। फरवरी 2024 में भाजपा ने उन्हें अपना उम्मीदवार बनाया और सपा के सात विधायकों की क्रॉस वोटिंग ने उनकी जीत का रास्ता आसान किया। यह घटना सपा के भीतर असहमति और विधायकों की राजनीतिक निष्ठा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है।
संसद में भाजपा को सपा का समर्थन: क्या है वास्तविक रिकॉर्ड?
सपा के भाजपा के साथ राजनीतिक तालमेल की आशंकाओं के बीच एक जरूरी अंतर समझना होगा। अब तक के प्रमुख सार्वजनिक उदाहरणों में सपा के विधायकों की क्रॉस वोटिंग और कुछ चुनावों में NDA समर्थित उम्मीदवारों को समर्थन देने के मामले सामने आए हैं। हालांकि सपा कई मौकों पर बीजेपी सरकार के विधेयकों के विरोध के तौर पर भी सामने आई है। लेकिन संसद में सपा के सांसदों ने लगातार भाजपा सरकार के विधेयकों के पक्ष में मतदान किया हो, ऐसा कोई स्पष्ट और पुष्ट उदाहरण सामने नहीं होता।
महिला आरक्षण और परिसीमन: क्या फिर बनेंगे नए समीकरण?
केंद्र सरकार के सामने महिला आरक्षण और परिसीमन का मुद्दा भी महत्वपूर्ण है। अप्रैल 2026 में मोदी सरकार ने लोकसभा में संविधान का 131वां संशोधन विधेयक पेश किया था। इसका उद्देश्य लोकसभा और विधानसभाओं की सीटों में विस्तार तथा परिसीमन के साथ महिला आरक्षण लागू करने का रास्ता तैयार करना था।
लेकिन 17 अप्रैल 2026 को यह विधेयक लोकसभा में पारित नहीं हो सका। इसके पक्ष में 298 और विरोध में 230 वोट पड़े। संविधान संशोधन के लिए उपस्थित और मतदान करने वाले सदस्यों के दो-तिहाई समर्थन की जरूरत थी। आवश्यक बहुमत नहीं मिलने के कारण विधेयक गिर गया और इससे जुड़े अन्य विधेयकों पर भी आगे कार्यवाही नहीं हुई।
ऐसे में भविष्य में सरकार इस मुद्दे पर दोबारा विधेयक लाती है तो उसे विपक्षी दलों के अलावा अपने गठबंधन से बाहर के सांसदों के समर्थन की भी जरूरत पड़ सकती है। सपा के पास लोकसभा में 37 सांसद हैं। इसलिए उसके रुख को राजनीतिक रूप से अधिक महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
क्या ऐसे किसी विधेयक पर सपा के कुछ सांसद सरकार के पक्ष में मतदान कर सकते हैं या मतदान से अनुपस्थित रह सकते हैं? यह फिलहाल केवल संभावना है। 2024 में सात सपा विधायकों की क्रॉस वोटिंग के इतिहास को देखते हुए पार्टी के सामने अपने संसदीय दल को एकजुट रखने की चुनौती जरूर होगी। लेकिन अभी किसी सांसद के भाजपा के पक्ष में जाने का प्रमाण नहीं है।
दूसरे विपक्षी दलों में टूट से भाजपा को क्या फायदा?
विपक्षी दलों में जारी राजनीतिक उथल-पुथल भी इस चर्चा को नया संदर्भ देती है। महाराष्ट्र में जून 2026 में शिवसेना (यूबीटी) के छह लोकसभा सांसद एकनाथ शिंदे की शिवसेना में चले गए। जुलाई में लोकसभा अध्यक्ष ने उनके विलय को मान्यता दी। इससे उद्धव ठाकरे की पार्टी के लोकसभा सांसदों की संख्या घटकर तीन रह गई।
वहीं, तृणमूल कांग्रेस के 20 असंतुष्ट सांसद ममता बनर्जी से नाराज होकर अन्य राजनीतिक दल का दामन थाम लिया था।
महाराष्ट्र में शरद पवार की एनसीपी (एसपी) के पांच सांसदों के दूसरी एनसीपी में जाने की अटकलें भी लगीं। हालांकि, जून 2026 में शरद पवार और सुप्रिया सुले ने इन दावों को खारिज किया था और कहा था कि उनके सांसद पार्टी के साथ हैं। अब सुनने में आ रहा है कि राष्ट्रहित में विधेयक को अहम मानते हुए एनसीपी एसपी विधेयक का समर्थन कर दें।
कांग्रेस से धोखे का शिकार हुई तमिलनाडु की डीएमके एनडीए का समर्थन कर सकती है। क्योंकि तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद कांग्रेस ने सीएम विजय की टीवीके का समर्थन किया था। आपको बता दें द्रमुक नेताओं की भाजपा नेताओं से मुलाकात और कांग्रेस से दूरी की चर्चा भी राजनीतिक गलियारों में होती रही है, लेकिन इसे द्रमुक के भाजपा या NDA में जाने का प्रमाण मानने के लिए फिलहाल पर्याप्त पुष्ट जानकारी नहीं है
24 नवंबर 2026 को भाजपा और शिरोमणि अकाली दल ने पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए गठबंधन का ऐलान कर दिया। छह साल बाद दोनों दल फिर साथ आए हैं। कृषि कानूनों के विरोध में अकाली दल ने 2020 में NDA छोड़ दिया था। अब उसकी वापसी से भाजपा को पंजाब में एक पुराना क्षेत्रीय सहयोगी मिल गया है।
2022 चुनाव से पहले पड़े थे छापे, इस बार क्या बदला मिजाज?
इस पूरे राजनीतिक घटनाक्रम में केंद्रीय जांच एजेंसियों की कार्रवाई भी चर्चा का विषय है। 2022 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से ठीक पहले दिसंबर 2021 और जनवरी 2022 में आयकर विभाग ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव के करीबी माने जाने वाले नेताओं और कारोबारियों के ठिकानों पर छापेमारी की थी।18 दिसंबर 2021 को सपा प्रवक्ता राजीव राय, मनोज यादव और जैनेंद्र यादव समेत कई लोगों के ठिकानों पर आयकर विभाग ने तलाशी ली थी। आयकर विभाग ने अपनी कार्रवाई में अघोषित आय, कथित फर्जी निवेश और बेनामी संपत्तियों से जुड़े मामलों की जानकारी दी थी।
इसके बाद जनवरी 2022 में सपा एमएलसी पुष्पराज उर्फ पम्पी जैन के ठिकानों पर भी आयकर विभाग ने छापेमारी की थी। वह सपा के 'समाजवादी इत्र' से जुड़े कारोबारी थे। इस कार्रवाई ने चुनाव से पहले भाजपा और सपा के बीच आरोप-प्रत्यारोप को तेज कर दिया था।
इस बार 2027 के चुनाव से पहले वैसी ही बड़ी छापेमारी की खबरें फिलहाल सामने नहीं आई हैं। लेकिन केवल छापेमारी नहीं होने को किसी राजनीतिक समझौते का संकेत मानना उचित नहीं होगा। जांच एजेंसियों की कार्रवाई उनके अपने मामलों और उपलब्ध सूचनाओं पर निर्भर करती है।
क्या कांग्रेस को घेरने के लिए सपा की अलग रणनीति?
सपा-कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर चल रही बातचीत का एक राजनीतिक पहलू यह भी है कि यदि कांग्रेस को लंबे समय तक निर्णय के इंतजार में रखा जाता है और अंत में बहुत कम सीटों का प्रस्ताव दिया जाता है, तो दोनों दलों के बीच टकराव बढ़ सकता है।
ऐसी स्थिति में भाजपा को कांग्रेस पर गठबंधन की राजनीति और सीटों की मांग को लेकर निशाना साधने का अवसर मिल सकता है। हालांकि, यह कहना कि सपा और भाजपा के बीच कोई अंदरूनी योजना बना रही हैं, अभी अटकल ही कहा जा सकता है इससे आगे कुछ नहीं कहा जा सकता, क्योंकि अटकलों के समर्थन में कोई ठोस दस्तावेज, आधिकारिक बयान या प्रमाणित राजनीतिक समझौता सामने नहीं है।
अखिलेश यादव के लिए भी सवाल कम नहीं हैं। अगर सपा भाजपा के किसी महत्वपूर्ण विधेयक पर समर्थन देती है तो उसे अपने पीडीए और विपक्षी राजनीति के रुख को लेकर सवालों का सामना करना पड़ सकता है। दूसरी तरफ, यदि सपा हर मुद्दे पर कांग्रेस के साथ खड़ी रहती है तो सीट बंटवारे और राजनीतिक हिस्सेदारी को लेकर अपनी स्वतंत्र रणनीति बनाए रखना उसके लिए अलग चुनौती होगी।
दरअसल, 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सपा की राजनीति केवल कांग्रेस के साथ सीटों के बंटवारे तक सीमित नहीं है। राज्यसभा में उम्मीदवारों का चयन, अतीत की क्रॉस वोटिंग, संसद में विधेयकों पर रुख और दूसरे विपक्षी दलों में टूट जैसे घटनाक्रम भी अखिलेश यादव की रणनीति पर सवाल खड़े कर रहे हैं। अब देखना होगा कि सपा भाजपा के खिलाफ अपने विपक्षी रुख को किस तरह कायम रखती है और कांग्रेस के साथ गठबंधन को लेकर अंतिम फैसला क्या करती है।
Created On :  
