विधानसभा चुनाव 2027: सपा के 'जन-मन घोषणापत्र' पर भाजपा का हमला, लगाया जनता को गुमराह करने का आरोप

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। उत्तरप्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी (सपा) के 'जन-मन घोषणापत्र' जारी करने के कार्यक्रम को लेकर उत्तर प्रदेश में सियासी घमासान तेज हो गया है। भाजपा के नेताओं और मंत्रियों ने सपा के साथ कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक, केशव प्रसाद मौर्य, मंत्री ओपी राजभर और केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा ने अलग-अलग बयानों में विपक्षी दलों की नीतियों, घोषणापत्र और गठबंधन पर सवाल उठाए।
उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कहा कि सपा-कांग्रेस और INDIA गठबंधन के नेता कितना भी रूप बदल लें, जनता उनकी सच्चाई जानती है। उन्होंने सपा के तीन घोषणापत्र जारी करने की बात पर तंज कसते हुए कहा कि एक परीक्षा में एक ही प्रश्नपत्र होता है, लेकिन विपक्ष जनता को गुमराह करना चाहता है। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में भाजपा ने अपने संकल्प पत्र के वादे पूरे किए हैं, जबकि सपा केवल वोट हासिल करने के लिए घोषणाएं कर रही है।
मंत्री ओपी राजभर ने भी सपा के घोषणापत्र पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि वे स्वतंत्र है। जारी कर सकते हैं लेकिन वे लोग घोषणापत्र में जो कुछ लिखते हैं, उसका उलटा होता है। पांच साल जब उनकी सरकार थी तो सरकार बनने से पहले भी उनका घोषणापत्र जारी हुआ था। उस घोषणापत्र में ये नहीं लिखा था कि हम उत्तर प्रदेश में दंगा करवाएंगे, गुंडाराज कायम करेंगे, सरकारी नौकरियों को नीलाम करेंगे, पैसों के आधार पर नौकरी बेची जाएगी। ऐसा उनके चुनावी घोषणापत्र में नहीं था लेकिन ठीक उसका उलटा उन्होंने किया, जिसके बाद पूरे प्रदेश में अराजकता का माहौल हो गया, गुंडाराज हो गया, अपराधी खुलेआम सड़कों पर घूम रहे थे, गैंगवॉर हो रही थी। ये सब 2012 के उनके घोषणापत्र में नहीं था लेकिन ये सब हुआ। इसी तरह से उनके घोषणापत्र का कोई अर्थ नहीं है
यह भी पढ़े -यूपी में प्रियंका गांधी को फिर मिली बड़ी जिम्मेदारी, सपा के साथ सीट शेयरिंग पर करेगी संवाद, चुनावी रैलियों की तय करेगी रूप रेखा
केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा ने सपा-कांग्रेस गठबंधन को बेमेल बताते हुए कहा कि दोनों दलों की नीतियां और विचारधारा एक-दूसरे से मेल नहीं खातीं। उन्होंने 2017 के विधानसभा चुनाव में दोनों दलों के गठबंधन का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय भाजपा ने प्रचंड बहुमत से सरकार बनाई थी।
वहीं उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कांग्रेस को संविधान की हत्यारी पार्टी बताते हुए कहा कि सपा संविधान का मखौल उड़ाती है। उन्होंने संविधान दिवस पर घोषणापत्र जारी करने के फैसले पर भी सवाल उठाए। मौर्य ने कहा कि भाजपा के लिए सपा कभी चुनौती नहीं थी और न आगे होगी। उन्होंने अखिलेश यादव पर उत्तर प्रदेश की जनता की भावनाओं का सम्मान नहीं करने का आरोप भी लगाया।
Created On :  


