Parliament, Monsoon Session: संसद की बैठक फिर बुलाएगी सरकार, 30 नवंबर को लोकसभा और 2 दिसंबर को राज्यसभा की कार्यवाही, 3 दिसंबर तक चल सकता है कामकाज

संसद की बैठक फिर बुलाएगी सरकार, 30 नवंबर को लोकसभा और 2 दिसंबर को राज्यसभा की कार्यवाही, 3 दिसंबर तक चल सकता है कामकाज
संसद के मॉनसून सत्र की कार्यवाही एक बार फिर शुरू होने जा रही है। सरकार ने लोकसभा और राज्यसभा की बैठक दोबारा बुलाने का अनुरोध किया है।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। संसद के मॉनसून सत्र की कार्यवाही एक बार फिर शुरू होने जा रही है। सरकार ने लोकसभा और राज्यसभा की बैठक दोबारा बुलाने का अनुरोध किया है। इसके तहत लोकसभा की बैठक 30 नवंबर (सोमवार) और राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर (बुधवार) को होगी। दोनों सदनों की कार्यवाही 3 दिसंबर तक चलने की संभावना है।

संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने गुरुवार को इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इन बैठकों में सरकार के जरूरी कामकाज पूरे किए जाएंगे। खास बात यह है कि इसे संसद का नया सत्र नहीं माना जाएगा, बल्कि अगस्त में स्थगित हुए मॉनसून सत्र की आगे की कार्यवाही के रूप में ही आयोजित किया जाएगा।

दरअसल, संसद का मॉनसून सत्र 2026 विपक्ष के लगातार विरोध और हंगामे के कारण ठीक से नहीं चल पाया था। इसके बाद 13 अगस्त 2026 को लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई थी। अब सरकार ने उसी सत्र की बैठकें फिर से आयोजित करने की तैयारी की है।

13 अगस्त को स्थगित हुई थी संसद की कार्यवाही

मॉनसून सत्र के दौरान विपक्षी सांसदों के विरोध के चलते कई बार सदन की कार्यवाही बाधित हुई थी। लगातार हंगामे के बीच 13 अगस्त को दोनों सदनों को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया था।

इसके बाद संसद का औपचारिक सत्रावसान नहीं किए जाने को लेकर राजनीतिक विवाद शुरू हो गया था। विपक्षी दलों ने आरोप लगाया था कि सरकार शीतकालीन सत्र बुलाने में देरी कर रही है। विपक्ष ने यह भी दावा किया था कि परिसीमन से जुड़े मुद्दों के कारण मॉनसून सत्र का औपचारिक समापन नहीं किया गया।

वहीं, सत्तारूढ़ एनडीए ने इन आरोपों को खारिज कर दिया था। सरकार का कहना था कि संसद का सत्र बुलाना और स्थगित करना संवैधानिक प्रक्रिया का हिस्सा है।

30 नवंबर को लोकसभा, 2 दिसंबर को राज्यसभा की बैठक

केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर बताया कि सरकार ने लोकसभा स्पीकर और राज्यसभा के सभापति से दोनों सदनों की बैठक दोबारा बुलाने का अनुरोध किया है।

सरकार की योजना के मुताबिक, लोकसभा की बैठक 30 नवंबर को होगी, जबकि राज्यसभा की कार्यवाही 2 दिसंबर से शुरू होगी। दोनों सदनों का कामकाज 3 दिसंबर तक चल सकता है। हालांकि, बैठकें कब समाप्त होंगी, यह सदन के कामकाज की जरूरतों पर निर्भर करेगा।

फिलहाल सरकार ने इन बैठकों के एजेंडे की पूरी जानकारी साझा नहीं की है। माना जा रहा है कि इस दौरान जरूरी सरकारी कामकाज और लंबित विधायी कार्यों को पूरा करने पर ध्यान दिया जाएगा।

परिसीमन और महिला आरक्षण पर आ सकता है संविधान संशोधन

संसद की बैठक दोबारा बुलाए जाने के बीच परिसीमन और महिला आरक्षण को लेकर भी चर्चाएं तेज हैं। माना जा रहा है कि सरकार इस दौरान संविधान संशोधन से जुड़ा प्रस्ताव ला सकती है।

चर्चा है कि प्रस्ताव के तहत लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों को बढ़ाकर अधिकतम 850 तक किया जा सकता है। इसके लिए परिसीमन की प्रक्रिया अपनाई जाएगी। सरकार का लक्ष्य 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का है।

हालांकि, परिसीमन के प्रस्ताव को लेकर दक्षिण भारत के कई राज्यों ने चिंता जताई है। इन राज्यों को आशंका है कि सीटों के नए बंटवारे से लोकसभा में उनकी हिस्सेदारी कम हो सकती है।

इस समस्या के समाधान के लिए सरकार के सामने दो विकल्पों पर चर्चा हो रही है। पहले विकल्प के तहत हर राज्य में लोकसभा सीटों की संख्या 50 प्रतिशत तक बढ़ाई जा सकती है। दूसरे विकल्प में राज्यों के बीच सीटों का मौजूदा अनुपात बरकरार रखने की बात है। वर्तमान व्यवस्था 1971 की जनगणना पर आधारित है। हालांकि, इस संबंध में अभी कोई अंतिम फैसला नहीं हुआ है।

गौरतलब है कि 13 अगस्त को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित किए जाने के बावजूद मॉनसून सत्र का औपचारिक समापन नहीं हुआ है। इस तरह यह सत्र 100 दिन से ज्यादा समय तक चल चुका है और 2008 में बने 87 दिनों के पिछले रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ चुका है।

संसद की बैठक से पहले कांग्रेस बनाएगी रणनीति

संसद की आगामी बैठकों को देखते हुए कांग्रेस ने भी अपनी तैयारी शुरू कर दी है। पार्टी 27 नवंबर को दिल्ली में संसदीय रणनीति समूह की बैठक करेगी। यह बैठक शाम 4:30 बजे होगी और इसकी अध्यक्षता सोनिया गांधी करेंगी।

बैठक में संसद की आगामी कार्यवाही के दौरान पार्टी की रणनीति पर चर्चा होगी। साथ ही परिसीमन, महिला आरक्षण और सरकार के संभावित विधायी प्रस्तावों पर कांग्रेस का रुख क्या होगा, इस पर भी विचार किया जा सकता है।

Created On :  

Tags

Next Story