UP चुनाव 2027: 25 लाख सरकारी नौकरियां, बेरोजगार ग्रेजुएट्स को 5000₹ का भत्ता, किसानों को MSP की गारंटी के साथ अखिलेश की पार्टी ने किए बड़े वादे

25 लाख सरकारी नौकरियां, बेरोजगार ग्रेजुएट्स को 5000₹ का भत्ता, किसानों को MSP की गारंटी के साथ अखिलेश की पार्टी ने किए बड़े वादे
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 के लिए समाजवादी पार्टी ने गुरुवार (26 नवंबर, 2026) को मेनीफेस्टो जारी कर दिया है। इस मेनीफेस्टो को पार्टी की ओर पीडीए पत्र नाम दिया गया है।

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 के लिए समाजवादी पार्टी ने गुरुवार (26 नवंबर, 2026) को मेनीफेस्टो जारी कर दिया है। इस मेनीफेस्टो को पार्टी की ओर पीडीए पत्र नाम दिया गया है। सपा इसे जन मन का मैनिफेस्टो 2027 बता रही है। मेनीफेस्टो में युवाओं को रोजगार, किसानों को एमएसपी की कानूनी गारंटी, मुफ्त इलाज, महंगाई पर लगाम, कानून व्यवस्था में सुधार और कई वर्गों के लिए बड़े वादे किए गए हैं। सपा का कहना है कि यूपी में सामाजिक न्याय का राज लाना चाहती है।

घोषणापत्र में पार्टी ने एक ऐसे समावेशी राष्ट्र के निर्माण की बात कही है, जहां सभी को बराबरी का अवसर मिले। पार्टी ने संविधान और आरक्षण की रक्षा, गरीबों के सम्मान और महिलाओं की सुरक्षा को अपनी प्राथमिकता बताया है।

रोजगार और युवाओं के लिए वादे

पार्टी ने पांच साल में 25 लाख सरकारी नौकरियां देने का वादा किया है। इसके अलावा दो से तीन करोड़ युवाओं को दूसरे क्षेत्रों में रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा है। पेपर लीक रोकने के लिए सख्त व्यवस्था लागू की जाएगी। इसमें संबंधित अधिकारी और मंत्री व्यक्तिगत रूप से जिम्मेदार होंगे। सरकारी भर्तियों के लिए सालाना कैलेंडर जारी होगा। एक परीक्षा वाली भर्ती तीन महीने और एक से ज्यादा परीक्षा वाली भर्ती छह महीने में पूरी की जाएगी।

ग्रेजुएशन पूरा करने के बाद नौकरी नहीं मिलने तक युवाओं को हर महीने 5 हजार रुपये पोषण भत्ता दिया जाएगा। छोटे और मझोले उद्योगों के जरिए 2032 तक एक करोड़ से ज्यादा रोजगार पैदा करने का लक्ष्य है। अग्निवीर योजना का विरोध करते हुए पार्टी ने वादा किया है कि स्थायी कमीशन नहीं पाने वाले अग्निवीरों को राज्य पुलिस और दूसरे सरकारी विभागों में नौकरी दी जाएगी। इसके अलावा तहसील स्तर पर कौशल विकास केंद्र खोले जाएंगे, जहां हर साल 20 लाख युवाओं को प्रशिक्षण मिलेगा।

शिक्षा व्यवस्था में बदलाव का वादा

शिक्षा के क्षेत्र में राज्य शिक्षा नीति लागू की जाएगी। मौजूदा सरकार के कार्यकाल में बंद किए गए 26 हजार प्राथमिक स्कूलों को फिर से खोला जाएगा। 12वीं पास करने वाले छात्रों को लैपटॉप दिए जाएंगे और स्कूलों में वाई-फाई की सुविधा शुरू होगी। शिक्षा पर राज्य के सकल घरेलू उत्पाद (GSDP) का 6 प्रतिशत खर्च करने का वादा किया गया है। वहीं, शिक्षा मित्रों के मानदेय में हर महीने 5 हजार रुपये की बढ़ोतरी की जाएगी।

जातिगत जनगणना और सामाजिक न्याय

सामाजिक न्याय के लिए जातिगत जनगणना कराई जाएगी। दलितों, पिछड़ों, अल्पसंख्यकों, महिलाओं और बच्चों के खिलाफ गंभीर अपराधों पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी। 50 करोड़ रुपये तक के सरकारी ठेकों में दलित और पीडीए वर्ग को 50 प्रतिशत आरक्षण देने का वादा किया गया है। इसके लिए मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में दलित विकास परिषद बनाई जाएगी। गरीबों को समाजवादी कैंटीन में 5 रुपये में भोजन मिलेगा। वहीं, बुजुर्ग महिला कारीगरों को हर साल 40 हजार रुपये पेंशन देने की योजना है।

किसानों को एमएसपी और कर्ज माफी

किसानों के लिए सभी 23 फसलों और दूध पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) की कानूनी गारंटी देने का वादा किया गया है। आलू, टमाटर और प्याज जैसी फसलों के उचित दाम सुनिश्चित करने के लिए मूल्य क्षतिपूर्ति व्यवस्था बनाई जाएगी। किसानों की कर्ज माफी चरणबद्ध तरीके से लागू होगी।

गन्ना किसानों को भुगतान के लिए 15 हजार करोड़ रुपये का कॉर्पस फंड बनाया जाएगा। इससे किसानों को 24 घंटे के भीतर भुगतान करने का लक्ष्य है। सिंचाई के लिए बिजली मुफ्त मिलेगी। वहीं, गांवों में रहने वाले घरेलू उपभोक्ताओं को हर महीने 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली देने की बात कही गई है।

स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने का वादा

स्वास्थ्य सेवाओं के लिए राज्य स्वास्थ्य नीति 2027 लागू की जाएगी। सरकारी अस्पतालों में पीडीए वर्ग और गरीब नागरिकों का इलाज मुफ्त होगा। गरीबी रेखा से नीचे रहने वाले परिवारों को 10 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा दिया जाएगा। इसके अलावा प्रदेश के सभी 18 मंडलों में सुपर स्पेशलिटी अस्पताल बनाए जाएंगे।

पार्टी ने लखनऊ के कैंसर अस्पताल को भी शुरू करने का वादा किया है। इस अस्पताल का निर्माण समाजवादी सरकार के कार्यकाल में हुआ था, लेकिन यह अब तक चालू नहीं हो सका है। अस्पताल शुरू होने के बाद यहां कैंसर का इलाज मुफ्त किया जाएगा।

कानून व्यवस्था और पुलिस में भर्ती

कानून व्यवस्था को लेकर पार्टी ने माफिया और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का वादा किया है। जमीन पर अवैध कब्जे रोकने के लिए विशेष एसटीएफ बनाई जाएगी। हर जिले में साइबर यूनिट शुरू होगी। एक साल के भीतर गांवों और कस्बों के प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे और ड्रोन से निगरानी की व्यवस्था होगी। पुलिस विभाग में खाली पदों पर जल्द भर्ती की जाएगी। नई भर्तियों में महिलाओं को 33 प्रतिशत हिस्सेदारी देने का वादा भी किया गया है।

व्यापारियों, मजदूरों और कर्मचारियों के लिए घोषणाएं

व्यापारियों की सुरक्षा के लिए व्यापार सुरक्षा आयोग बनाया जाएगा। मजदूरों की समस्याओं के समाधान के लिए डायल 1890 मजदूर पावर लाइन शुरू होगी। निर्माण कार्यों से जुड़े मजदूरों को 40 हजार रुपये पेंशन और 10 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा दिया जाएगा।

सरकारी कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना फिर से लागू करने और आउटसोर्सिंग व्यवस्था खत्म करने का वादा किया गया है। जरूरी वस्तुओं की कीमतों को नियंत्रित करने के लिए दाम बांधो नीति लागू होगी। इसके तहत स्कूलों की फीस और अस्पतालों के खर्च की सीमा भी तय की जाएगी। महिलाओं के लिए पार्टी ने अलग से विस्तृत घोषणापत्र जारी करने की बात कही है।

Created On :  

Tags

Next Story